संगम तट पर भागीरथ का 428वाँ स्वच्छता रविवार संपन्न, स्वच्छता कर्मियों का हुआ सम्मान; अंकिता राज की गरिमामयी उपस्थिति में दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रयागराज। मानवता और पर्यावरण के लिए पूर्णतः समर्पित भागीरथ सहयोग सेवा संस्थान द्वारा पावन त्रिवेणी संगम तट पर आयोजित 428वाँ स्वच्छता रविवार उत्साह एवं सामाजिक सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर संगम क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही समाज और शहर की स्वच्छता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध जननायिका अंकिता राज (पत्नी – मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी प्रयागराज) की प्रेरक एवं गौरवशाली उपस्थिति रही। उनकी सहभागिता ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की और सामाजिक सेवा के प्रति कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर मृदुल बाजपेयी, नितिश शुक्ला, आचार्य हरिकृष्ण शुक्ला, जिला अध्यक्ष सौरभ सिंह, भाव्यांश अग्रवाल सहित अनेक भागीरथ सेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
संस्थान के संस्थापक एवं राष्ट्रीय सचिव अवनीश सिंह चंदेल ने अपने संदेश में कहा कि छठ महापर्व केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और जल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का महापर्व है। जिस नदी और घाट पर हम श्रद्धापूर्वक पूजा करते हैं, उसे स्वच्छ रखना भी हमारी धार्मिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। पूजा सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा जलस्रोतों में न डालें।
उन्होंने कहा कि सच्ची श्रद्धा वही है, जहाँ आस्था के साथ प्रकृति की पवित्रता और स्वच्छता का भी सम्मान हो।
संस्थान की ओर से समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए स्वच्छ घाट, स्वच्छ जल और स्वच्छ पर्यावरण के लिए सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया गया।