यातायात माह नवम्बर-2026: रेलवे स्टेशन चौराहे पर ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को किया जागरूक, 1527 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई
श्रीमान पुलिस महानिदेशक, यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं उनमें कमी लाने के उद्देश्य से नवम्बर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट प्रयागराज श्री पीयूष मोर्डिया (IPS), अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था/यातायात मुख्यालय), पुलिस उपायुक्त यातायात एवं सहायक पुलिस आयुक्त यातायात तृतीय के कुशल निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
निरीक्षक श्री पवन कुमार पाण्डेय द्वारा दैनिक कार्यक्रम के अंतर्गत प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन चौराहे पर टेम्पो, ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। वाहन चालकों को निर्धारित स्थान से लगभग 50 मीटर दूर वाहन खड़ा कर सवारी उतारने एवं बैठाने के निर्देश दिए गए, जिससे चौराहे पर यातायात बाधित न हो। साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाए गए तथा चालकों को पंपलेट वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त चारपहिया एवं दोपहिया वाहन चालकों तथा पैदल यात्रियों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस एवं नागरिक पुलिस द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। थाना पुलिस, टीआई एवं टीएसआई द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों एवं चौराहों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1527 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात माह के अंतर्गत यह अभियान दिनांक 30 नवम्बर 2026 तक निरंतर जारी रहेगा। इसी क्रम में दिनांक 15.11.2026 को वाहनों में हूटर/सायरण का अनाधिकृत प्रयोग करने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग एवं चालान की कार्रवाई की जाएगी।
प्रयागराज पुलिस आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित स्थान पर ही वाहन रोककर सवारी उतारें एवं बैठाएं तथा सड़क पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न करें। सुरक्षित यात्रा करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।