जे.पी. पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, आयोजित हुआ ‘बाल उत्सव-2026’
विजडम इंडिया
प्रयागराज। बाल दिवस के अवसर पर जे.पी. पब्लिक स्कूल, शांतिपुरम, फाफामऊ में शनिवार को ‘बाल उत्सव-2026’ का भव्य एवं मनोरंजक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की खेल एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, उत्साह तथा खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। बाल दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर खुशियां मनाई गईं। बच्चों ने गीत-संगीत, खेल और मस्ती के बीच इस विशेष दिन का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विनोद द्विवेदी ने सभी बच्चों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता और ऊर्जा ही आने वाले भारत की दिशा तय करेगी। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए।” उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सदैव प्रसन्न रहने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खेल प्रतियोगिताओं का सफल संचालन अविनाश रावत एवं वंदना शर्मा ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में आशुतोष, अन्नू, रविता एवं अनय सिंह का विशेष सहयोग रहा। मंच संचालन समृद्धि द्विवेदी ने किया।
समूचा विद्यालय परिसर बच्चों की हंसी, उल्लास और उत्साह से सराबोर रहा। ‘बाल उत्सव-2026’ ने बच्चों के लिए यादगार खुशियों के पल संजोए और बाल दिवस को उत्सव के रूप में मनाने के उद्देश्य को सार्थक किया।