October 15, 2026

एमएलसी चुनाव को लेकर एक्टिव हुए CM योगी, लगातार तीसरे दिन करेंगे जनसभा

0
एमएलसी चुनाव को लेकर एक्टिव हुए CM योगी, लगातार तीसरे दिन करेंगे जनसभा

राज्यसभा चुनाव में आठों प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन से उत्साहित भाजपा अब विधान परिषद चुनाव में भी सपा को बैकफुट पर धकेलना चाहती है। जिन 11 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, उनमें से छह पिछली बार भाजपा ने जीती थी। भाजपा इस बार दो अंकों में पहुंचने को प्रयासरत है। चुनावी हवा को भाजपा की ओर मोड़ने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। वे एक-एक करके पार्टी प्रत्याशियों के लिए सभा और संवाद कर रहे हैं। पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए गोरखपुर और बरेली के बाद लगातार तीसरे दिन बुधवार को वाराणसी में जनसभा करेंगे।

इन सीटों को जीतने के लिए भाजपा कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को गोरखपुर में हजारों शिक्षकों के साथ न सिर्फ संवाद किया, बल्कि पार्टी प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को जिताने की अपील भी की। ध्रुव त्रिपाठी को भाजपा प्रत्याशी बनवाने में भी मुख्यमंत्री की भूमिका मानी जाती है। पिछले चुनाव में भी त्रिपाठी के खिलाफ भाजपा ने प्रत्याशी नहीं उतारा था।

मंगलवार को सीएम योगी ने बरेली में पार्टी प्रत्याशी हरी सिंह ढिल्लो के समर्थन में सभा की। बुधवार को अब वाराणसी में सभा करेंगे। यहां स्नातक सीट से पार्टी ने पिछला चुनाव हारे केदारनाथ सिंह पर फिर दांव लगाया है। जबकि शिक्षक सीट पर प्रमोद मिश्रा मैदान में हैं। यहां पिछले चुनाव में सपा का दबदबा रहा था। प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र से जुड़ी सीट को सपा ने जीत लिया था। माना जा रहा है कि इसके बाद योगी बाकी बची सीटों पर भी पार्टी प्रत्याशियों के लिए चुनावी माहौल बनाने जाएंगे।

एमएलसी चुनाव के लिए केवल सीएम योगी ही नहीं डिप्टी सीएम केशव मौर्य और भाजपा का प्रदेश संगठन भी लगा हुआ है। केशव मौर्य भी पिछले दो दिनों से अपने इलाके कौशांबी और आसपास माहौल बनाने में जुटे हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी पश्चिम क्षेत्र में एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की थी।

वहीं प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने अवध क्षेत्र और ब्रज क्षेत्र में अब तक दो-दो बैठकें की हैं। वहां तैयारियों की समीक्षा के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को रणनीति भी समझाई है। इसके अलावा वे प्रदेश भाजपा मुख्यालय में बने कंट्रोल रूम से लगातार चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। रुचि न लेने वाले या गड़बड़ी की आशंका वाले पार्टी नेताओं और विधायकों के पेंच भी कसे जा रहे हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *