श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सामान्य दर्शन पास की सुविधा बंद कर दी है और अपनी आधिकारिक वेबसाइट से इस पास की आनलाइन बुकिंग का विकल्प भी हटा दिया है।
सुगम दर्शन व आरती पास की आनलाइन बुकिंग को पूर्ववत रखा गया है। ट्रस्ट ने परिसर के मंदिरों में दर्शन के लिए पास की बाध्यता तो मई माह के अंत में खत्म कर दी थी, लेकिन इच्छुक दर्शनार्थी अब भी सामान्य पास बुक करके दर्शन कर रहे थे।
रामजन्मभूमि परिसर के समस्त मंदिरों का निर्माण पूर्ण होने के उपरांत गत 13 अप्रैल से श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सात पूरक मंदिरों और सात ऋषियों-मुनियों के मंदिरों में दर्शन आरंभ कराया था। प्रारंभ में अधिक संख्या में दर्शनार्थियों के आगमन के दृष्टिगत ट्रस्ट ने पास के माध्यम से ही दर्शन शुरू किया था।
पूरक व सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन के लिए ट्रस्ट ने पहले से बनने वाले सुगम व विशिष्ट दर्शन पास के अलावा सामान्य पास की भी सुविधा दस अप्रैल से शुरू की थी। सामान्य पास केवल ट्रस्ट की वेबसाइट से आनलाइन बुक होते थे। लगभग दो माह बाद जब दर्शनार्थियों की संख्या सामान्य स्तर पर पहुंच गई, तो ट्रस्ट ने मई के अंत में पास की बाध्यता खत्म कर दी थी।
इससे दर्शनार्थी इच्छानुसार सभी मंदिरों का दर्शन कर पा रहे थे। यही व्यवस्था वर्तमान में भी लागू है। पूरक या सप्तर्षि मंदिरों में दर्शन के लिए पास की अनिवार्यता अब नहीं रह गई है। वेबसाइट से पास बुक होने की सुविधा मौजूद रहने से दुरुपयोग हो रहा था, इसलिए ट्रस्ट ने इसे पूर्णत: बंद करते हुए विकल्प भी हटवा दिया है।
