झूठे मुकदमे में आजीवन कारावास की धमकी देकर बनाया था दबाव, दो कार और फर्जी पहचान पत्र बरामद
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को धमकाने और चौथ वसूली करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को जमुनापार पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक व्यक्ति को गंभीर मामले में फंसाकर आजीवन कारावास की सजा दिलाने और जेल भिजवाने की धमकी देकर उससे 40 हजार रुपये वसूल लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी पहचान पत्र, 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और वारदात में इस्तेमाल की गईं दो कार बरामद की हैं।

आनंद विहार कॉलोनी निवासी देवेंद्र कुमार ने नौ अक्टूबर को थाना जमुनापार में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप था कि कुछ लोगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर उसके साथ गाली-गलौज की और गंभीर मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। आरोपियों ने झूठे मुकदमे में आजीवन कारावास की सजा दिलाने का भय दिखाकर उस पर दबाव बनाया और 40 हजार रुपये की चौथ वसूल ली।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और रंगदारी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने सिहोरा-लोहवन चौराहा रोड से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार, कुलदीप यादव, करन राणा, सोनू, कुणाल और रवि के रूप में हुई है। आरोपी बिहार, गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और मथुरा के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के नाम से बने दो फर्जी पहचान पत्र और केडी यादव के नाम से छपे 11 विजिटिंग कार्ड बरामद हुए हैं। इसके अलावा तीन एटीएम कार्ड और एक पैन कार्ड भी मिला है। पुलिस ने क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो का स्टीकर लगी बलेनो कार और एक वैगनआर कार को भी जब्त किया है। इन वाहनों का इस्तेमाल वारदात में किए जाने का आरोप है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह की गतिविधियों और इस तरह की अन्य घटनाओं में आरोपियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर सकती है।
