-कोयला अलीपुर के पास पुलिस और एंटी रिवार्डेड टीम की संयुक्त कार्रवाई, तमंचा, कारतूस, पीली धातु की चेन और अपाचे बाइक बरामद
(मथुरा)
थाना रिफाइनरी क्षेत्र में पुलिस और एंटी रिवार्डेड टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान छिनैती की घटना में वांछित दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु की एक गले की चेन और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।

रिफाइनरी पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना रिफाइनरी में दर्ज मुकदमा संख्या 288/2026, धारा 304(2) बीएनएस में वांछित आरोपी दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर थाना रिफाइनरी पुलिस और एंटी रिवार्डेड टीम ने रात करीब 10:20 बजे कोयला अलीपुर के पास राया की ओर से आने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान पुलिस टीम को एक अपाचे मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
घायल आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ कालिया (28 वर्ष), पुत्र जगदीश, निवासी रोशन विहार, थाना जमुनापार, मथुरा तथा प्रकाश (करीब 25 वर्ष), पुत्र हरिओम, निवासी रोशन विहार, थाना जमुनापार, मथुरा के रूप में हुई है।पुलिस का कहना है कि सूरज उर्फ कालिया के बाएं पैर में गोली लगी और उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। वहीं, दूसरे आरोपी प्रकाश के पास से पीली धातु की एक गले की चेन बरामद की गई।
घायल आरोपी सूरज उर्फ कालिया को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रिफाइनरी में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
