शुक्रवार को पश्चिम यूपी में दिनभर मौसम का मिजाज उतार-चढ़ाव भरा रहा। सुबह धूप निकली और दोपहर को हल्के बादल छाने शुरू हुए। दोपहर बाद एकाएक घने काले बादल छाए और तेज हवाएं चलने लगी। कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई जबकि देहात में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे।
10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चली। 15 तक वेस्ट यूपी में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर पर मौजूद पश्चिमी विक्षोभ और विभिन्न मौसमी सिस्टम के चलते वेस्ट यूपी में बादल तो कभी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में किसी तरह के बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। दिन और रात का तापमान स्थिर रहेगा। दोपहर में आसमान साफ रहने से गर्मी रहेगी। हालांकि तड़के और देर रात को नमी महसूस की जाएगी। अभी यहां बारिश के आसार नहीं जताए गए हैं।
शुक्रवार को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कासगंज और एटा में जनजीवन प्रभावित किया। फिरोजाबाद में दीवार गिरने से बालिका और युवक की मौत हो गई, जबकि कासगंज में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किसान ने दम तोड़ दिया। शाम चार बजे जसराना और शिकोहाबाद तहसील क्षेत्रों में धूलभरी आंधी के साथ बारिश हुई। शिकोहाबाद, जसराना, एका, फरिहा और हाथवंत में कई जगह ओले गिरे।
जसराना के पाढ़म स्थित चनारी गांव में ग्रामीण आंधी और ओलों से बचने के लिए आटा चक्की के पास बैठे थे। तभी सोलर प्लेट सहित दीवार का हिस्सा गिर गया। हादसे में आठ साल की बालिका और एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार युवक घायल हो गए। बालिका ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही थी। कासगंज के किशोरपुर में बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई, जबकि चंडौस में पिता-पुत्र झुलस गए। एटा के सकीट में किशोरी समेत दो लोग बिजली गिरने से झुलस गए।
आगरा में शुक्रवार दोपहर को मौसम में बदलाव आया। धूल भरी हवाएं चलीं लेकिन हवाओं की तासीर नम रही। इसे करीबी जिलों में हुई बारिश का असर माना गया। हालांकि इससे तापमान पर कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। शुक्रवार को सुबह थोड़ी अधिक सर्द रही। करीब 5 से 6 बजे तक बाहर निकलने पर सिहरन महसूस की गई। इसके बाद सामान्य रूप से धूप निकली। दोपहर में मौसम पलटा। तेज हवाओं के साथ धूल उड़ने का सिलसिला चला।
काफी देर तक हल्की सर्द हवाओं के साथ धूल उड़ी। इससे राहगीरों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेषकर दोपहिया चालकों को दिक्कत आई। खुले में काम करने वालों को भी परेशानी हुई। शाम सात बजे के बाद मौसम में नमी की अधिकता महसूस की गई। इसे करीबी जिलों में हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर माना गया। चूंकि बदलाव दोपहर बाद हुआ था इसलिए तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं देखा गया।
दिन में अन्य दिनों की तरह गर्मी के साथ उमस का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा होकर 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 86 रहा।
