
दारागंज, प्रयागराज स्थिति ऐतिहासिक श्री वैष्णवाश्रम में पूर्व महंत बैकुंठवासी स्वामी श्री सीतारामाचार्य जी महाराज का 115 वां जयंती समारोह भव्यता के साथ मनाया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री वैष्णवाश्रम प्रयागराज के महंत स्वामी श्री गरुडध्वजाचार्य जी महाराज द्वारा किया गया । इस अवसर पर जगद्गुरु श्री स्वामी श्रीधराचार्य जी महाराज एवं जगद्गुरु श्री स्वामी अच्युत प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने स्वामी जी महाराज के व्यक्तित्व एवं जीवन वृत्त पर प्रकाश आरोपित किया । कार्यक्रम के संयोजक एवं श्री रामदेशिक संस्कृत महाविद्यालय के प्रबंधक प्रोफेसर रामकिशोर शास्त्री जी ने अपने गुरु एवं पूर्व महंत जी के जीवन से संबंधित विविध रोचक एवं प्रेरणास्पद संस्मरण सुनाया । स्वामी जी महाराज मूलतः प्रतापगढ़ जनपद में महाभागवत दंपति के घर पर आविर्भूत हुए, विविध विषयों से आचार्य करने के उपरांत श्री रामदेशिक पीठ के महंत के रूप में प्रतिष्ठित हुए ।

उक्त कार्यक्रम में प्रशासनिक, सामाजिक एवं धार्मिक जगत के श्रेष्ठ विभूतियों का आगमन हुआ । आज कार्यक्रम में मुख्य यजमान के रूप में माननीय महापौर श्री गणेश केसरवानी जी तथा वरिष्ठ आईपीएस श्री सर्वेश कुमार मिश्र – कमांडेंट पी ए सी प्रयागराज, एवं आचार्यों द्वारा भगवान श्रीमन्नारायण का सहस्त्रार्चन किया गया तदोपरांत वृहद भंडारा आयोजित हुआ जिसमें भक्तों एवं शिष्यों ने प्रसाद ग्रहण किया। आज कार्यक्रम में प्रख्यात समाजसेवी आचार्य हरिकृष्ण शुक्ल, वरिष्ठ न्यासी प्रोफेसर रामकिशोर शास्त्री, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र मिश्र, उप महंत स्वामी काशी नरेशाचार्य, आचार्य विजय तिवारी, नीतीश शुक्ला जी, पार्षद मुकेश लारा, मृदुल बाजपेयी आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम की पूर्णता पर वरिष्ठ न्यासी एवं कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर रामकिशोर शास्त्री जी ने अतिथियों का सम्मान कर आभार व्यक्त किया ।
