(मथुरा)
नशे के काले कारोबार के खिलाफ मथुरा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा जोन और हाईवे थाना पुलिस को सफलता मिली है। दोनों टीमों की संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने दो अंतरजनपदीय ड्रग तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग एक किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बतायी जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार कल देर रात एएनटीएफ ऑपरेशन यूनिट आगरा जोन के सीओ उमेशपवार और सीओ रिफाइनरी
प्रवीण तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम मंडी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान स्कूटी संख्या यूपी 81 डीएफ 0865 पर आ रहे दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं।पुलिस ने पालीखेड़ा चौराहे के पास घेराबंदी कर जब उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से 1 किलो 172 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और घटना में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया। पकड़े गए तस्करों की पहचान अलीगढ़ के ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले इमरान पुत्र सिराज और शहबाज
पुत्र परवेज के रूप में हुई है। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे यह हेरोइन की खेप कासगंज से लाए थे और मथुरा में इसे सप्लाई करने की योजना थी। हालांकि, डिलीवरी देने से पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।फिलहाल पुलिस पकड़े गए आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि कासगंज में यह माल उन्हें किसने सौंपा था और मथुरा में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। इस पूरे ड्रग नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने के लिए आगे की छानबीन जारी है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *