
प्रयागराज के दारागंज क्षेत्र में स्थित श्री वैष्णवाश्रम में महंत स्वामी श्री गरुड़ध्वजाचार्य जी महाराज के चतुर्दिक नेतृत्व में भव्यता के साथ श्री गुरु पूजन एवं विशाल भंडारा का आयोजन सकुशल सम्पन्न हुआ । प्रातः काल से शिष्यों एवं भक्तों की अपार उपस्थिति ने महोत्सव को दिव्य स्वरूप प्रदान किया । महाराज श्री ने सर्वप्रथम अपने गुरुदेव एवं पूर्व आचार्य परम्परा के चित्र के सम्मुख पुष्पर्चन एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया ।

निरंतर अनेकों भक्तों का आगमन देर रात्रि तक होता रहा, जिन्होंने पूज्य महाराज श्री का पूजन एवं वंदन कर शुभाशीष प्राप्त किया । कार्यक्रम में समाज के विशिष्ट जन नायक जिनमें महापौर श्री गणेश केसरवानी, पूर्व विधायक श्री अशोक बाजपेई, प्रयाग ग्रुप ऑफ होटल्स के स्वामी श्री रौनक गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री आचार्य हरिकृष्ण शुक्ला, यातायात प्रभारी श्री पवन कुमार पांडेय, नीतीश शुक्ल, वैभव करवरिया, डिप्टी डिविजनल वार्डन श्री आशीष बाजपेई, वरिष्ठ संस्थापक सदस्य प्रो रामकिशोर शास्त्री, उप महंत आचार्य काशी नरेशाचार्य जी, आचार्य विजय जी महाराज की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। समूचे भारत वर्ष से वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित महानुभाव एवं भक्तों की उपस्थिति कार्यक्रम की दिव्यता में अभिवर्धन की। दिवस पर्यंत हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद प्राप्त कर स्वयं को कृतार्थ किया ।
