तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार आगामी बजट सत्र में भ्रष्टाचार पर ऑडिट रिपोर्ट पेश करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस रिपोर्ट से पिछली एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके सरकार के दौरान पार्टी फंड इकट्ठा करने में हुई गड़बड़ियों का खुलासा होगा।
विजय के नेतृत्व वाली कैबिनेट के मंत्री ने चेन्नई के हार्बर विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने विपक्षी डीएमके पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कथित गड़बड़ियों के बारे में अनजान होने का नाटक कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया लेकिन विल्सन का इशारा पूर्व डीएमके मंत्री और मौजूदा हार्बर विधायक पीके सेकर बाबू की ओर था।
उन्होंने दावा किया कि जिस तरह 2026 में टीवीके के सत्ता में आने से तमिलनाडु में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव आया उसी तरह 2029 के लोकसभा चुनावों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर भी ऐसा ही बदलाव आएगा।
उन्होंने 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को प्रशंसा प्रमाण पत्र वितरित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “नीट परीक्षा का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। हमारी पार्टी (TVK) का नेतृत्व इस परीक्षा को पूरी तरह से खत्म करने की योजना पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। यह बदलाव पूरे भारत में दिखाई देगा।”
