सदर विधानसभा सीट, इस सीट पर भाजपा और सपा का कड़ा मुकाबला रहता है। 2007 में जहां भाजपा के अशोक सिंह चौहान ने सपा को हराकर यह सीट जीती। वहीं 2012 और 2017 में समाजवादी पार्टी के राजकुमार उर्फ राजू यादव अपने प्रतिद्वंदी को हराकर विधायक बने।

इसके बाद वर्ष 2022 में हुए चुनाव में भाजपा के जयवीर सिंह ने सपा प्रत्याशी राजू यादव को हराकर यह सीट भाजपा की झोली में डाली। इस विधानसभा क्षेत्र के शहरी क्षेत्र में जहां आवास विकास कालोनी, पंजाबी कालोनी, हरिदर्शन नगर आदि में विकास सरपट दौड़ रहा है और महमूद नगर, नगला निरंजन, कीरतपुर और आजादनगर स्थित कांशी राम कालोनी जैसी दलित बाहुल्य कालाेनियों में स्थिति दयनीय है।

विधानसभा सदर क्षेत्र में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने काफी विकास कार्य कराए हैं। यह कार्य धरातल पर दिखाई भी देते हैं। विधानसभा क्षेत्र ही नहीं उन्होंने जनपद भर के मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण और जीर्णोद्धार कराया है। इनमें गमा देवी मंदिर, सत्य कैलाश आश्रम, मार्कंडेय मंदिर, मयन ऋषि आश्रम, चयन ऋषि आश्राम, चांदेश्वर महादेव मंदिर, पांडवकालीन महादेव मंदिर आदि शामिल हैं।

इसके साथ ही उन्होंने करीब 2.5 करोड़ रुपये की लागत से सहस, सहन, किरथुआ, सौज और कुर्रा वेटलैंड में विजिटर सेंटर, बर्ड वाचिंग प्वाइंट सहित अन्य सुविधाएं विकसित कराई हैं। शहर की प्रमुख सड़कों की मरम्मत कराने के साथ निर्माण कार्य भी कराए हैं। इनसे क्षेत्रीय लोग संतुष्ट हैं।

आवास विकास कालोनी, बंशी गौहरा सहित आसपास की कालोनियों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है। क्षेत्रीय डा. अनिल शर्मा ने जागरण की टीम को बताया कि कानून व्यवस्था काफी बेहतर हुई है। शहर से बाहर नगला पजाबा में रामवीर बताते हैं कि गलियां तो बनी हैं लेकिन जलभराव की समस्या अभी बनी हुई है। रघुवीर प्रसाद ने बताया कि मंदिरों में काम हो रहे हैं। यह देखकर अच्छा लगता है।

आगरा रोड स्थित नौनेर में भी विकास की यही स्थिति है। यहां शिव मंदिर का जीर्णाेद्धार पर्यटन विभाग द्वारा कराया गया है। सड़क पूरी तरह बनी हुई है। यहीं पर भोगांव रोड को आगरा रोड से मिलाने वाला लिंक बाइपास भी निकल रहा है। इससे क्षेत्रीय लोग काफी खुश हैं। वहीं कीरतपुर व आजाद नगर कांशीराम कालोनी में जलभराव व पेयजल की समस्या अभी भी बनी हुई है। यह दूर नहीं हो सकी है।

यहां सुनील राठी ने बताया कि करीब 15-20 वर्ष पूर्व पेयजल की लाइन डाली गई थी। पूरी तरह जर्जर होकर टूट चुकी है। इस कारण गंदा पानी ही पीना पड़ता है। कई बार कहने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं है। रामकटोरी देवी ने बताया कि बरसात के अलावा सामान्य दिनों में भी कई बार यहां पानी भर जाता है ऐसे में आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

वर्ष 2022 में चुनाव जीतने के बाद न सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र वरन् जनपद भर के मंदिरों व अन्य धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण बिना भेदभाव के कराया है। अपने क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाया है। टूटी सड़कों की मरम्मत भी कराई है। शहर में करोड़ों रुपये की लागत से संग्रहालय व आडिटोरियम बन रहा है।

भोगांव रोड को आगरा रोड से जोड़ने वाले लिंक बाइपास मार्ग का निर्माण आरंभ हो चुका है। अभी वर्तमान वर्ष की कार्ययोजना को भी धरातल पर उतरना शेष है। इनमें सबसे महत्वपूर्ण आवास विकास -2 परियोजना है। मां शीतला मंदिर कारिडोर का भी निर्माण होना है। इस सरकार में कानून व्यवस्था भी काफी बेहतर हुई है। मेडिकल कालेज के साथ केंद्रीय विद्यालय भी जनपद के लिए स्वीकृत हो चुका है।
जयवीर सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री

समाजवादी सरकार में हमने अपने विधानसभा क्षेत्र को चमका दिया था। सैकड़ों करोड़ की लागत से सड़कों का निर्माण कराया गया। मैनपुरी से कुरावली, घिरोर, करहल के लिए फोर लेन कराया गया। बेहतर शिक्षा के लिए सैनिक स्कूल, राजकीय इंजीनियरिंग कालेज, कुरावली व मैनपुरी में महाविद्यालय की स्थापना सपा सरकार में कराई गई। सौ शैय्या अस्पताल, बस स्टैंड, कुरावली व बिछवां थाना का निर्माण कराया।

100 से अधिक गांव जनेश्वर मिश्र योजना और 5्0 से अधिक गांव लोहिया योजना में आच्छादित कराए। छोटे-बड़े 27 पुल बनवाए। कलक्ट्रेट सभागार बनवाया। सपा ने न सिर्फ सड़कों वरन् शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी ध्यान दिया। अब तो मैनपुरी में जमीन पर अवैध कब्जा उद्योग के रूप में फल फूल रहा है। विकास के लिए आया बजट वापस हो रहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *