
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
थाना हाईवे क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े टप्पेबाजी की बड़ी वारदात सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने प्लाईवुड कारोबारी के कर्मचारियों को झांसे में लेकर कार में रखा 25 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस और सीओ रिफाइनरी सहित आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा जांच शुरू कर दी।
चंद्रिका प्लाईवुड के स्वामी नीलेश अग्रवाल ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह होने वाला है। इसी सिलसिले में उनके कर्मचारी 25 लाख रुपये लेकर गोविंद नगर निवासी उनके साढ़ू सुनील बंसल के यहां जा रहे थे। कार में चालक रमेश के साथ कर्मचारी सुनील और मेघश्याम मौजूद थे।
नीलेश अग्रवाल के अनुसार, जैसे ही उनकी कार हाईवे क्षेत्र में राधा वैली के पास पहुंची, तभी बाइक सवार कुछ युवकों ने चालक से कहा कि गाड़ी के इंजन से ऑयल फैल रहा है। इस पर चालक ने कार रोक दी और नीचे उतरकर बोनट खोलकर इंजन की जांच करने लगा। इसी दौरान कार में आगे बैठे कर्मचारी का ध्यान भटकते ही बदमाश नोटों से भरा बैग उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना का एहसास होते ही चालक और कर्मचारियों ने शोर मचाया तथा तत्काल इसकी सूचना नीलेश अग्रवाल को दी। सूचना मिलने पर नीलेश अग्रवाल और उनके अन्य परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस के साथ पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चालक रमेश तथा कर्मचारी सुनील व मेघश्याम से विस्तृत पूछताछ की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।
वही इस घटना के संबंध मे सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला टप्पेबाजी का प्रतीत हो रहा है। बदमाशों ने पहले वाहन में तकनीकी खराबी होने का भ्रम पैदा किया और फिर चालक व कर्मचारियों का ध्यान भटकाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
