आईएएनएस, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 अगस्त को नशा मुक्त भारत अभियान की छठी वर्षगांठ के मौके पर 12 करोड़ से अधिक नागरिकों ड्रग्स के गलत इस्तेमाल के विरुद्ध राष्ट्रीय स्तर पर सामूहिक शपथ दिला सकते हैं।

एक बयान में कहा गया है कि इस देशव्यापी सामूहिक शपथ कार्यक्रम का आयोजन केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा किया जाएगा।

संयुक्त सचिव (ड्रग रोकथाम) संदीप रेवाजी राठौड़ ने इस संबंध में कार्यान्वयन रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप भौतिक और ऑनलाइन माध्यमों से देशव्यापी शपथ में तय संख्या में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की योजना और व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।

साथ ही देशव्यापी शपथ कार्यक्रम के लिए अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों, अभिभावकों, स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों को एकजुट करने में संबंधित मंत्रालयों और विभागों की भूमिका पर भी चर्चा की गई।

राठौड़ ने संबंधित मंत्रालयों और विभागों के तहत सभी संबद्ध कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वायत्त निकायों, पीएसयू और फील्ड फारमेशन में शपथ समारोह आयोजित करने पर भी विचार किया।

इनमें रेलवे, रक्षा, पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, आयुष, ग्रामीण विकास, राजस्व के अलावा सामाजिक, स्वैच्छिक, आध्यात्मिक संगठन और इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर शामिल हैं।

इस शपथ का उद्देश्य लोगों में ड्रग्स से दूर रहने की जिम्मेदारी की भावना पैदा करना, जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करना और एक साझा लक्ष्य की दिशा में मिलकर काम करने के लिए हितधारकों के बीच एकता और प्रतिबद्धता की भावना को बढ़ावा देना है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *