साँई बाबा महायज्ञ का श्रद्धा और उल्लास के साथ समापन, पूर्णाहुति के बाद उमड़े हजारों श्रद्धालु
ब्यूरो रिपोर्ट – रोहित विश्वकर्मा

सोनभद्र। बिना रोड, बांसी स्थित साँई बाबा मंदिर परिसर में आयोजित भव्य महायज्ञ का अंतिम दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। महायज्ञ के समापन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति कराई गई। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख – समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महायज्ञ के अंतिम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और साँई बाबा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विधिवत पूजा – अर्चना के उपरांत साँई बाबा की भव्य आरती की गई। इसके बाद यज्ञ की पूर्णाहुति एवं हवन कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का शुभारंभ हुआ। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर साँई बाबा का महाप्रसाद ग्रहण किया। भक्तों की भारी भीड़ से मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यापक व्यवस्था की गई थी। भंडारे में लगातार श्रद्धालुओं का आगमन जारी रहा। आयोजकों के अनुसार भंडारे का आयोजन रात्रि 10 बजे तक अथवा श्रद्धालुओं के आगमन तक जारी रखने की व्यवस्था की गई। साँई बाबा महायज्ञ का अंतिम दिन धार्मिक आस्था के साथ – साथ सामाजिक समरसता और सेवा भावना का भी प्रतीक बना। यज्ञ की पूर्णाहुति, हवन, आरती और विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्यता प्रदान की। भक्तों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई और सेवा एवं समर्पण का संदेश दिया। बिना रोड, बांसी में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना दिया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और महाप्रसाद वितरण के साथ यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए यादगार बन गया।