राम मंदिर परिसर से चढ़ावा चोरी के प्रकरण में आठ लोगों की गिरफ्तारी और उत्तर प्रदेश सरकार की एसआईटी जांच के बीच राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र अयोध्या दौरे पर हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य नृपेंद्र मिश्र शुक्रवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे और शनिवार को भी मंदिर निर्माण कार्य को परखा।
राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि हम मंदिर से जुड़े स्मारक का सारा काम समय से पूरा करेंगे। अब एक ही काम बचा है, उस अखंड ज्योति का इंतजाम करना जो लगातार जलती रहेगी। बाकी सारा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
राने मंदिर स्मारक का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जहां अब 24 घंटे अखंड ज्योति जलाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही, राम कथा संग्रहालय की 20 गैलरियों की स्टोरीलाइन तैयार हो चुकी है और सीईओ की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय समिति अंतिम फैसला लेगी।
उन्होंने बताया कि जन्मभूमि परिसर में एक और स्मारक है, जिसके जुलाई के आखिर तक पूरा होने की उम्मीद है। यह मंदिर निर्माण कार्य का आखिरी चरण है। इस तरह से राम मंदिर का सारा निर्माण कार्य 30 जुलाई तक पूरा हो जाएगा।
मिश्र ने बताया कि दो बचे हुए प्रोजेक्ट्स का काम चलता रहेगा। चार किलोमीटर लंबी बाउंड्री वॉल और मंदिर परिसर के बाहर बने ऑडिटोरियम का काम नवंबर या दिसंबर तक चलेगा।
इसके साथ ही यहां बने ‘राम कथा संग्रहालय’ की कहानी (स्टोरीलाइन) तय हो चुकी है। इसमें 20 गैलरी हैं। अब हमको आज होने वाली बैठकों में इन गैलरियों के लिए तकनीकी पहलुओं और वीडियो प्रेजेंटेशन के बारे में आखिरी फैसले लेने वाले हैं।
हमें पूरा भरोसा है कि बाउंड्री वॉल 30 सितंबर तक पूरी हो जाएगी। मैंने कामकाज की व्यवस्थाओं का बिल्कुल भी निरीक्षण नहीं किया। वह मेरे काम के दायरे में नहीं आता।
चढ़ावा चोरी मामले पर दुख व्यक्त करते हुए नृपेंद्र मिश्रा ने इसे एक “कलंक” बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से हम सभी स्वयं को छोटा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुरक्षा व प्रबंधन व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
