समाजसेवी कमलेश खांबे का भव्य नागरिक अभिनंदन, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
ब्यूरो रिपोर्ट – रोहित विश्वकर्मा

सोनभद्र। शहीद स्थल करारी सोनभद्र एवं सोन संगीत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को गुरुनानक देव जी की जयंती के अवसर पर समाजसेवी कमलेश खांबे का भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। समारोह के दौरान उन्हें साहित्यिक कृति, नकद धनराशि, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शहीद स्थल करारी के प्रमुख प्रद्युम्न त्रिपाठी एडवोकेट ने किया, जबकि अध्यक्षता डॉ. बाबू राजेंद्र प्रसाद मेमोरियल सोनभद्र के प्रमुख अशोक तिवारी ने की। इस अवसर पर आयोजित काव्य संध्या में साहित्यकारों एवं कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। शायर विवेक चतुर्वेदी एवं विशेष अस्थाना ने अपनी नज्म और गजलों से खूब वाहवाही बटोरी। वहीं सोन संगीत फाउंडेशन के प्रमुख सुशील मिश्रा ने लोकगीत प्रस्तुत किया। पृथ्वीराज चौहान फाउंडेशन सोनभद्र के प्रमुख धर्मेश चौहान ने देशभक्ति गीतों से वातावरण को ओजपूर्ण बना दिया। दयानंद साहित्य संस्थान के दयानंद दयालु ने लोकभाषा की रचना प्रस्तुत की, जबकि साहित्य शोध संस्थान शाहगंज के सुनील चौचक ने हास्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम में गुरुनानक देव जी के संदेशों को याद करते हुए सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने उनकी शिक्षाओं को प्रासंगिक बताते हुए कहा कि सभी मनुष्य समान हैं और ईश्वर एक है। इस दौरान गुरुवाणी की पंक्तियों — ‘अवल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे। एक नूर ते सब जग उपज्या, कौन भले कौन मंदे’ के माध्यम से समानता और मानवता का संदेश दिया गया। समारोह में जयशंकर त्रिपाठी, देवानंद पांडेय, राकेश दुबे एडवोकेट, गोपाल बंगाली, ऋषभ त्रिपाठी, ठाकुर कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।