टीम इंडिया और इंग्लैंड के महिला क्रिकेट टीमों के बीच कल यानी 10 जुलाई से एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है, जो लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। यह मुकाबला इंग्लैंड की एक स्टार बल्लेबाज का आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा। जी हां, इंग्लैंड की क्रिकेटर टैमी ब्यूमोंट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। इंडिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के बाद वह अपने 17 साल लंबे इंटरनेशनल करियर को विराम देने का मन बना चुकी हैं। जैसे ही टेस्ट मैच खत्म होगा, वैसे ही उनका करियर भी खत्म हो जाएगा।

35 साल की ब्यूमोंट ने साल 2009 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद से वह इंग्लैंड के लिए 260 मैच खेल चुकी हैं। 12 शतकों के साथ वह महिला ODI क्रिकेट में इंग्लैंड की सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाली खिलाड़ी हैं। ब्यूमोंट ने 2017 में घरेलू मैदान पर महिला वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की जीत में भी अहम भूमिका निभाई थी। 410 रन उन्होंने टूर्नामेंट में बनाए थे और रन चार्ट में टॉप पर रहने की वजह से प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड हासिल करने में सफल रही थीं।

टैमी ब्यूमोंट ने रिकॉर्ड बुक्स में अपना नाम टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने के लिए भी दर्ज कराया हुआ है। वह इंग्लैंड की पहली बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टेस्ट मैच में दोहरा शतक जड़ा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 एशेज टेस्ट में नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में 208 रनों की पारी उन्होंने खेली थी। इतना ही नहीं, ब्यूमोंट इंग्लैंड की उन दो महिला खिलाड़ियों में से एक हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में इंटरनेशनल शतक बनाया है। कुल 5 ही क्रिकेटर इंग्लैंड के लिए इस उपलब्धि तक पहुंचे हैं, जिनमें तीन मेंस क्रिकेटर शामिल हैं।
अपने करियर और रिटायरमेंट के फैसले के बारे में बात करते हुए ब्यूमोंट बोलीं, “इंग्लैंड के लिए लगभग 17 साल खेलना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान रहा है। जब मुझे एक छोटी लड़की के तौर पर क्रिकेट खेलने से प्यार हुआ, तो मुझे मुश्किल से पता था कि इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलना एक ऑप्शन है और यह सोचकर मुझे बहुत खुशी होती है कि इस गर्मी में, खासकर कितने लड़के और लड़कियां इससे प्रेरित हुए हैं और हमारे देश में यह खेल कितना आगे बढ़ गया है।” ब्यूमोंट ने अपने फैंस, कोच, सपोर्ट स्टाफ और परिवार का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके करियर में अहम भूमिदा अदा की थी।
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *