लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों में अंकुश व स्थानीय लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) जल्द काम शुरू करने जा रहा है। जिले की सीमा में हाईवे पर दो ओवर ब्रिज और दो अंडर पास बनाने की तैयारी अंतिम चरण में है। सभी औपचारिकताएं समय से पूरी हो गईं तो अक्टूबर माह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। जिसका बजट 170 करोड़ बताया जा रहा है।

करीब एक वर्ष पहले बनी इस परियोजना में चार ऐसे स्थानों को चिह्नित किया गया है, जहां लगातार बढ़ते यातायात और सड़क पार करने के दौरान होने वाले हादसों को देखते हुए स्थायी समाधान की जरूरत महसूस की गई थी। योजना के तहत सफेदाबाद और सफदरगंज चौराहा पर ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे, जबकि सफदरगंज के दादरा और रामसनेहीघाट के भटरिया में अंडर पास का निर्माण होगा।

इन स्थानों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों का प्रतिदिन आवागमन रहते हैं। लोगों को हाईवे पार करने के लिए तेज रफ्तार वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे कई बार अवैध कट भी बना लिए जाते हैं। जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि परियोजना की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। पहले इसका बजट 125 करोड़ था जो जिसमें 45 करोड़ बढ़ाकर कुल 170 करोड़ रुपये का बजट कर दिया गया है।

आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण अक्टूबर माह में शुरू हो सकता है। निर्माण शुरू होने के बाद संबंधित स्थानों पर चरणबद्ध तरीके से कार्य कराया जाएगा, ताकि यातायात प्रभावित न हो।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *