सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर के शाहबाद में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सपा पर उन्होंने कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों पर लाठी और गोलियां चलवाते थे, आज वही आस्था की वकालत कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि 2017 से पहले राम को नकारने वाले आज अयोध्या जाने की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की आस्था की ताकत ने विपक्ष को अपना रुख बदलने पर मजबूर कर दिया है। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था, विकास और बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

सीएम योगी आदित्यनाथाथ मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी करीब 690.39 करोड़ की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान सीएम ने बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स, उद्यमियों और लाभार्थियों को लैपटॉप व सहायता राशि के चेक भी वितरित किए।इस मौके पर कहा, ‘जब भी मैं रामपुर आता हूं, यहां का मौसम उमस भरी गर्मी से बदलकर एकदम शिमला जैसा सुहाना हो जाता है। यह रामपुर के पौराणिक स्थलों की सनातन आस्था का आशीर्वाद है।’

योगी ने आगे कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पहचान का संकट था और विकास केवल सैफई या रामपुर के एक खास परिवार का ही होता था। योगी ने कहा, जो लोग कभी जय श्री राम बोलने पर लाठियां और गोलियां चलवाते थे, आज वे आस्था की वकालत करते दिख रहे हैं। यह आपकी आस्था की ताकत है कि वे आज आपके पिछलग्गू बन रहे हैं। जो कांग्रेस कभी श्रीराम के अस्तित्व को नकार चुकी थी, वो आज कह रही है कि राम सबके हैं। असल में अयोध्या और मथुरा-वृंदावन का वैभव देखकर विपक्ष को चिढ़ हो रही है और कुछ न कर पाने की स्थिति में वे झूठ का सहारा ले रहे हैं। इनका यह बर्ताव साफ बताता है कि इनके लिए अब अंगूर खट्टे हैं।

रामपुर के पारंपरिक उद्योगों का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2017 से पहले यहां का पैचवर्क, जरी और वायलिन उद्योग अंधकार में था, जिसे हमारी सरकार ने ओडीओपी के जरिए वैश्विक पहचान दी। रामपुर के प्रसिद्ध चाकू उद्योग पर बोलते हुए उन्होंने कहा, चाकू अगर गलत व्यक्ति के हाथ में पड़ेगा तो वह लोगों के गले काटेगा और डकैती डालेगा। लेकिन जब से डबल इंजन की सरकार आई है, यही चाकू रामपुर के पारंपरिक उद्योग को जीवित करते हुए जनता की सुरक्षा के काम आ रहा है। अब प्रदेश में ‘पिक एंड चूज’ की राजनीति खत्म हो गई है।

योगी ने कहा कि उन्होंने रुद्र बिलास चीनी मिल के सर्वे की रिपोर्ट अधिकारियों से मांगी है। सरकार बिलासपुर की इस चीनी मिल के विस्तारीकरण के लिए पूरा पैसा देगी और विकास का कोई काम नहीं रुकेगा। उन्होंने बुनियादी ढांचे का जिक्र करते हुए कहा कि पहले तीन मीटर की सड़कें अब 10 मीटर की हो रही हैं और आने वाले समय में फोरलेन कनेक्टिविटी के जरिए रामपुर सीधे गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *