फिल्म धुरंधर-2 इन दिनों चर्चा में है, और इसकी सबसे बड़ी वजह है इसमें दिखाया गया किरदार, जो उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद से प्रेरित बताया जा रहा है। फिल्म में इस किरदार का नाम ‘आतिफ अहमद’ रखा गया है, लेकिन इसकी कहानी और अंदाज साफ तौर पर अतीक के जीवन से मेल खाते नजर आते हैं। फिल्म में आतिफ अहमद को एक ऐसे बाहुबली के रूप में दिखाया गया है, जिसने अपराध की दुनिया से निकलकर राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाई। कम उम्र में अपराध की राह पकड़ने वाला यह किरदार धीरे-धीरे हत्या, अपहरण, रंगदारी और जमीन कब्जाने जैसे मामलों के जरिए अपना साम्राज्य खड़ा करता है। इसके बाद वह डर और दबदबे को वोट में बदलते हुए चुनाव जीतकर विधायक बनता है, जो अतीक अहमद के वास्तविक जीवन की कहानी से काफी हद तक मेल खाता है।

फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें दिखाया गया है कि आतिफ अहमद जेल में रहने के बावजूद अपने पूरे नेटवर्क को कैसे नियंत्रित करता था। ‘जेल में हो या बाहर, सिस्टम उसी का चलता है’—इस तरह के डायलॉग उसके प्रभाव और पकड़ को दर्शाते हैं। फिल्म में यह भी दिखाया गया है कि उसका कथित फेक करेंसी नेटवर्क, अंडरवर्ल्ड कनेक्शन और सीमापार से जुड़े रिश्ते (पाकिस्तान कनेक्शन) उसकी ताकत को और बढ़ाते हैं।

निर्देशक आदित्य धर ने इस किरदार को बेहद डिटेलिंग के साथ पेश करने की कोशिश की है। फिल्म में नोटबंदी के दौर और नकली नोटों के नेटवर्क को कहानी में जोड़ा गया है, जिससे यह किरदार और भी प्रभावशाली बनकर सामने आता है। दर्शकों के बीच इस बात की चर्चा है कि फिल्म में दिखाए गए कई पहलू वास्तविक घटनाओं से प्रेरित लगते हैं। हालांकि, फिल्म सिर्फ एक गैंगस्टर की कहानी नहीं दिखाती, बल्कि यह समझाने की कोशिश करती है कि आखिर ऐसा शख्स इतना बड़ा नाम कैसे बनता है और उसका प्रभाव सिस्टम पर किस तरह पड़ता है।

यह कहानी अपराध, राजनीति और सत्ता के गठजोड़ की परतें भी खोलती है। गौरतलब है कि अतीक अहमद की 15 अप्रैल 2023 को प्रयागराज में पुलिस कस्टडी के दौरान उनके भाई अशरफ के साथ गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। फिल्म ‘धुरंधर 2’ उसी शख्सियत के उतार-चढ़ाव और उसके प्रभाव को सिनेमाई अंदाज में दिखाने की कोशिश करती नजर आ रही है।

रणवीर सिंह की धुरंधर-2 द रिवेंज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। जो 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई धुरंधर का सीक्वल है। जिसका निर्देशन आदित्य धर ने किया है। धुरंधर 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ही नहीं है। बल्कि 1400 करोड़ का लाइफटाइम कलेक्शन करने वाली तीसरी इंडियन फिल्म है। इसके चलते धुरंधर 2 को लेकर भी काफी एक्साइटमेंट है। वहीं इस फिल्म के साथ संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, राकेश बेदी, दानिश, सारा अर्जुन वापसी करते हुए नजर आ रहे हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *