बिहार के चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा से जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक अनंत सिंह को पटना उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई है। जिसके बाद अब इस बात की पूरी संभावना है कि अनंत सिंह अब जेल से बाहर आ जाएंगे। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के वक्त प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी के कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की मोकामा टाल में हत्या हो गई थी। इसी मामले में अनंत सिंह जेल में बंद थे। अनंत सिंह को जमानत मिलने के बाद अब यह कहा जा रहा है कि कागजी कार्रवाई के बाद अनंत सिंह शुक्रवार या शनिवार को जेल से बाहर आ सकते हैं।

अभी कुछ ही दिनों पहले बिहार में राज्यसभा चुनाव के वक्त जेल से वोट डालने के लिए बाहर आए मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा था कि वो जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे। जिसके बाद अब अनंत सिंह को जमानत मिलने की खबर सामने आई है।अनंत सिंह को इस चर्चित हत्याकांड में 1 नवंबर 2024 को उनके मोकामा आवास से अरेस्ट किया गया था। उस वक्त रात के अंधेरे में अनंत सिंह को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गिरफ्तार किया गया था। अब करीब चार महीने बाद मोकामा विधायक को जमानत मिल गई है।

पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच 30 अक्तूबर को मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर लगा थ। जिसके बाद एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने अनंत सिंह के घर से उन्हें अरेस्ट कर लिया था।

मोकामा के बाहुबली कहे जाने वाले विधायक अनंत सिंह अब चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान पहले ही कर चुके हैं। राज्यसभा चुनाव में वोट डालने आए अनंत सिंह ने कहा था कि जब नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे तो हम क्या करेंगे, ये हमारा अंतिम चुनाव है। इसके साथ ही अनंत सिंह ने यह भी कहा था कि अब उनके बेटे चुनााव लड़ेंगे।

अनंत सिंह इससे पहले भी बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान भी जेल से बाहर आए थे। दरअसल उस वक्त अनंत सिंह विधायक पद की शपथ लेने के लिए जेल से बाहर निकले थे। जेल से भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अनंत सिंह सीधे बिहार विधानसभा पहुंचे थे और उन्होंने वहां अपने पद की शपथ ली थी। उस वक्त अनंत सिंह ने सदन में मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छुए थे और उन्हें प्रणाम भी किया था।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *