देश भर में चल रही घरेलू रसोई गैस की मारामारी के बीच दावा किया जा रहा है कि वीवीआईपी लोग धौंस जमाकर एलपीजी सिलेंडर ले जा रहे हैं। पटना में एक गैस एजेंसी के संचालक ने दावा किया कि बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के यहां से आए एक एसडीओ जबरन 4 एलपीजी सिलेंडर ले गए। अब सम्राट के कार्यालय से इस पर सफाई आ गई है। डिप्टी सीएम के आप्त सचिव शैलेंद्र कुमार ओझा ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है।

सम्राट चौधरी के आप्त सचिव ने शुक्रवार को जारी बयान में उपमुख्यमंत्री कार्यालय से गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाने से जुड़े आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही इस तरह की खबरें निराधार हैं।

शैलेंद्र कुमार ओझा ने स्पष्ट कहा कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कार्यालय में एसडीओ का कोई पद नहीं है। ऐसे में यह दावा कि कार्यालय में कार्यरत एसडीओ ने गैस एजेंसी के गोदाम से एलपीजी सिलेंडर मंगवाया या आपूर्ति के लिए दबाव बनाया पूरी तरह झूठी और भ्रामक है।

उपमुख्यमंत्री के आप्त सचिव ने लोगों से अपील की कि वे अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें। साथ ही, किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।

दरअसल, पटना के एक गैस एजेंसी संचालक ने मीडिया के सामने दावा किया था कि बुधवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के कार्यालय से एसडीओ आए और 15 सिलेंडर की डिमांड करने लगे। संचालक ने अपने गैस गोदाम की चाबी उन्हें दे दी। उसमें 4 एलपीजी सिलेंडर ही भरे हुए रखे थे, जिन्हें वो ले गए।

गैस एजेंसी संचालक का यह दावा करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया देने लगे। रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि दावा करने वाला शख्स पटना के गर्दनीबाग स्थित एक गैस एजेंसी का संचालक है। हालांकि, उसने सिलेंडर ले जाने वाले एसडीओ या अधिकारी का नाम नहीं बताया।

शुक्रवार को सम्राट चौधरी के कार्यालय से इस दावे को पूरी तरह निराधार बताकर खारिज कर दिया। डिप्टी सीएम के कार्यालय ने कहा है कि इस मामले की जांच कराई जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके और अफवाह फैलाने वालों की पहचान हो सके।

दूसरी ओर, राज्य सरकार की ओर से एलपीजी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी एवं भंडारण पर सख्ती अपनाई है। सभी जिलों के डीएम और एसपी को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। सिलेंडर की मारामारी के चलते पूरे बिहार में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी हुई हैं। सरकार का कहना है कि एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक है। ओटीपी दिखाकर ग्राहक आसानी से सिलेंडर खरीद सक रहे हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *