एलपीजी एजेंसियों पर भीड़। सिलेंडर लिए लाइन में लगे लोग। ऐसी मारामारी की स्थिति में भी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने आपदा में अवसर खोज लिया है। उन्हें बैठे-ठाले कंटेंट मिल गया है। इसे जमकर भुनाया भी जा रहा है। गैस किल्लत पर बनी हर वीडियो और रील तेजी से वायरल हो रही हैं।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अभी तक अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध पर वीडियो, रील्स बना रहे थे। लेकिन यह एक गंभीर मुद्दा था। लिहाजा सोच-समझकर काम किया जा रहा था। चुनिंदा और गंभीर इन्फ्लुएंसर ही इस पर वीडियो या कंटेंट बनाने की हिम्मत कर रहे थे। इसी बीच गैस की किल्लत शुरू हुई तो मानो उन्हें पसंदीदा कंटेंट मिल गया। चूंकि इसमें कामेडी की गुंजाइश बहुत है। इसलिए कंटेंट में देशी जुगाड़ का तड़का लगाकर वीडियो और रील बनाने की होड़ लग गई। गैस का विकल्प के रूप में कई जुगाड़ों के वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं।

इन वीडियो, रील्स पर हजारों-लाखों कमेंट भी आ रहे है। अधिकतर मजाकिया कमेंट कर रहे हैं। लेकिन कुछ संवेदनशील लोगों का कहना है कि ऐसे वीडियो बनाने वाले लोग देश की बदनामी करा रहे हैं। साथ में किल्लत को कृत्रिम रूप से और बढ़ा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ मुकदमा होना चाहिए। यह समय देश के साथ खड़े होने का है। अपने अंदरूनी मामले को सोशल मीडिया पर डालकर बदनामी नहीं करानी चाहिए।

सबसे ज्यादा वायरल यही वीडियो और रील्स हैं। इसमें नाले में पाइप डालकर सिलेंडर या चूल्हे में लेने की कोशिश की जा रही है। लेकिन गैस नहीं बन रही। यहां कहा जा रहा है कि अब लोगों के मल में वह दम नहीं है।

प्रेस (इस्त्री) से रोटी सेंकने के वीडियो भी खूब वायरल हो रहे हैं। प्रेस को उल्टी करके उस पर रोटी सेकी जा रही हैं। यह देशी जुगाड़ लंबे समय से प्रचलित भी है। बनाने वाले कह रहे हैं कि उन्हें गैस की जरूरत नहीं है।

पानी गर्म करने की इमर्शन राड से सब्जी और दाल बनाई जा रही है। गहरे बर्तन में सब्जी-दाल के बीच राड डालकर उबाला जा रहा है। यह भी देशी जुगाड़ है जो लाफ्टर के साथ खूब लाइक और शेयर बटोर रहा है।

एक वीडियो में लंबी लाइन लगी है। मारामारी की हालत है। आखिर में पता चलता है कि यह उपलों (कंडों) के लिए है। इसमें भी कालाबाजारी हो रही है। यह गैस किल्लत को अलग अंदाज में बयां करता है।

एक वीडियो में घट के ताले टूटे हुए हैं। पति-पत्नी बाहर से आकर देखते हैं और डर जाते हैं। पूरा घर चेक करते हैं। पैसे-जेवरात कुछ भी चोरी नहीं हुआ। जब रसोई में जाकर देखा तो सिलेंडर चोरी हो चुका था।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *