बिहार की राजधानी पटना में इन दिनों बादलों और धूप के बीच लुकाछिपी का दौर चल रहा है। मौसम का यह मिजाज अगले 4–5 दिनों तक बना रह सकता है। शुक्रवार, 30 जनवरी को भी शहर में बादलों और धूप का मिश्रित असर देखने को मिलेगा। तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने फिलहाल पटना के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि 3 फरवरी के आसपास एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इसका असर पटना में हल्की या छिटपुट बारिश के रूप में दिखाई दे सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार सुबह पूर्वी पटना में पश्चिमी हिस्सों की तुलना में अधिक ठंड दर्ज की गई। पूर्वी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पश्चिमी पटना में यह लगभग 1 डिग्री ज्यादा रहा। पिछले 24 घंटों में राजधानी के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है।

दूसरी ओर, दिन के तापमान में बढ़ोतरी से दोपहर के समय लोगों को हल्की गर्मी महसूस होने लगी है। गुरुवार को अधिकतम तापमान में 1.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। अगले 4–5 दिनों में इसमें और करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *