मध्य भारत से लेकर उत्तर-पश्चिमी हिस्सों तक मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब और मध्य प्रदेश सहित 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इन राज्यों में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की जा सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे कुछ इलाकों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
IMD के अनुसार, 30 जनवरी की रात पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 31 जनवरी और 1 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में वर्षा या हिमपात के आसार हैं। इस दौरान 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसी तरह का मौसम 1 फरवरी को हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी देखने को मिल सकता है।
उत्तराखंड में 1 और 2 फरवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में 3 फरवरी तक कुछ जगहों पर गरज के साथ वर्षा हो सकती है। मध्य प्रदेश में 1 और 2 फरवरी को तथा छत्तीसगढ़ में 2 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
IMD का अनुमान है कि 31 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार में सुबह व रात के समय घना कोहरा छा सकता है। वहीं 1 फरवरी तक पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में भी घने कोहरे की स्थिति बन सकती है। उत्तर प्रदेश को छोड़कर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 30 और 31 जनवरी को शीत लहर चलने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत में दो दिनों के बाद न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद फिर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट संभव है। मध्य भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि इसके बाद फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है। महाराष्ट्र में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है।
