प्रयागराज (विनोद द्विवेदी-जिला संवाददाता) प्रगतिशील समाज पार्टी के कार्यालय में भारत की प्रथम महिला शिक्षिका, समाज सुधारक और नारी सशक्तीकरण की प्रतीक माता सावित्रीबाई फुले जी की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस अवसर पर प्रगतिशील समाज पार्टी महिला मोर्चा की संयोजक एडवोकेट मनीषा मिश्रा ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा को हर वर्ग, विशेष रूप से महिलाओं और बहुजन समाज तक पंहुचाने का अद्वितीय कार्य किया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी समाज सुधार का संकल्प लिया और शिक्षा के माध्यम से सामाजिक कांन्ति का मार्ग प्रशस्त किया। आज हमें उनके विचारों से प्रेरणा लेते हुए समानता और सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष जारी रखना है। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को समाप्त करने के लिए हमें सावित्रीबाई फुले जी के विचारों को जन-जन तक पंहुचाना होगा। उनकी शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक हैं और सामाजिक उत्थान के लिए प्रेरणा देती हैं।
प्रगतिशील समाज पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश प्रभारी एडवोकेट अर्चना कुशवाहा ने कहा माता सावित्रीबाई न केवल भारत की प्रथम महिला शिक्षिका थीं, बल्कि एक सशक्त क्रांतिकारी भी थीं, जिन्होंने महिलाओं की शिक्षा के लिए अनगिनत कार्य किये। कहा कि उस दौर में, जब महिलाएं घर से बाहर निकलने तक से वंचित थीं, तब सावित्रीबाई फुले ने न केवल लड़कियों को शिक्षित करने का कार्य किया बल्कि विधवा पुनर्विवाह, महिला अधिकारों और सामाजिक समानता के लिए भी संघर्ष किया। इस दौरान राधा कुशवाहा, फरीदा खातून, प्रेमलता, आरती पटेल, वन्दना कुशवाहा, उर्मिला मौर्य, अंजू मिश्रा, कम्मरूनिशा, अंजलि पाल आदि समेत कई अन्य उपस्थित रहीं।