श्रीराम की नगरी अयोध्या से एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो अयोध्या महोत्सव का है। वीडियो में भोजपुरी गाना बज रहा है और भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दूबे के अलावा कई अन्य युवतियां डांस करती दिखाई दे रही हैं। इसे अश्लीलता फैलाने वाला कार्यक्रम बताते हुए सपा और कांग्रेस ने निशाना साधा है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस वीडियो को अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए यूपी की योगी सरकार और भाजपा पर राम की नगरी अयोध्या की संस्कृति, मर्यादा के साथ खिलवाड़ बताया है। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि ये अयोध्या का महोत्सव है। देख लो भाजपा वालो आप सेफई महोत्सव को रोते थे।
अयोध्या महोत्सव के कार्यक्रम के दौरान के इस वीडियो में भोजपुरी गाने पर दो लड़कियां स्टेज के ठीक सामने डांस कर रही हैं। कभी स्टेज की तरफ मुंह करके तो कभी दर्शकों की तरफ हाथ हिला-हिलाकर डांस कर रही लड़कियां जब अपनी बाईं तरफ किसी को इशारा करते हुए डांस करती हैं तो वहां से भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दूबे भी खड़ी होती हैं और अपने ही अंदाज में डांस करते हुए इन लड़कियों की थाप पर थाम मिला देती हैं। इस दौरान स्टेज पर भी कुछ कलाकार अपनी प्रस्तुति देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
