यूपी के फतेहपुर में एक शादी समारोह में तब विवाद हो गया जब दूल्हे ने वधू पक्ष के लोगों को मंडप के नीचे सबके सामने गाली दे दी। दूल्हे के मुंह से अपशब्द सुनने के बाद दुल्हन नाराज हो गई और उसने शादी से इनकार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी वह अपने फैसले पर अडिग रही। नतीजन बारात बन दुल्हन के ही वापस लौट गई।

ये मामला बिंदकी कोतवाली के गुलाबपुर मजरे कोरवा का है। यहां की एक लड़की की शादी मलवा थाना के सत्तेपुर सकठहिम्मतपुर गांव निवासी मिश्रीलाल के बेटे जयसिंह के साथ तय थी। मुहुर्त के अनुसार गुरुवार रात बारात गुलाबपुर मजरे कोरवा गांव पहुंची। वधू पक्ष ने धूमधाम से वर पक्ष का स्वागत किया। द्वारपूजा के बाद वरमाला की बारी आई। लेकिन तभी विवाद शुरू हो गया। दरअसल दुल्हन का मेकअप करने आई ब्यूटीशियन ने वरमाला के बाद रुपये मांगे। लड़की पक्ष ने दूल्हे पक्ष से ब्यूटीपार्लर का खर्चा देने की बात कही। इस पर दूल्हे पक्ष ने इंकार कर दिया।

विवाद बढ़ने पर दूल्हे ने दुल्हन समेत अन्य लोगों के लिए गाली-गलौज कर दी। बहरहाल, फेरों के लिए जब दूल्हा मंडप के नीचे पहुंचा तो अचानक दुल्हन ने शादी ने इंकार कर दिया। दुल्हन ने कहा कि दूल्हा गाली गलौज करते हुए घर पहुंचकर तीन दिनों के अंदर हत्या करने की बात कह रहा है। दुल्हन का कहना है कि जब इसका अभी से ये हाल है तो शादी के बाद जीना मुश्किल कर देगा। शादी न होने की सूचना पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए।

दूल्हा पक्ष जाने लगा तो ग्रामीणों ने दूल्हे, उसके भाई और कुछ रिश्तेदारों को बैठा लिया। शादी में हुए खर्च और दहेज वापस करने की मांग करने लगे, सुबह तक पंचायत चलती रही। दूल्हे के परिवार ने दहेज में मिली बाइक और नगदी वापस की जिसके बाद ग्रामीणों ने दूल्हे सहित उसके परिवारीजनों को छोड़ा। हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *