101 आर.ए.एफ मॉन्टेसरी स्कूल, प्रयागराज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस
विजडम इंडिया
प्रयागराज (विनोद द्विवेदी – जिला संवाददाता) बाल दिवस के अवसर पर 101 रैपिड एक्शन फोर्स शांतिपुरम, प्रयागराज स्थित आर.ए.एफ मॉन्टेसरी स्कूल में बच्चों के उत्साह एवं उमंग के बीच बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री मनीष कुमार भारती कमाण्डेंट-101 आर.ए.एफ ने बच्चों के साथ केक काटकर किया। तदुपरांत विद्यालय के नन्हे. मुन्ने बच्चों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कमाण्डेंट महोदय द्वारा उन्हें पुरस्कार वितरित किए गए।
इस अवसर पर कमाण्डेंट महोदय ने बच्चों को संबोधित करते हुए भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी का स्मरण किया तथा बताया कि बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह और प्रेम के कारण ही उनके जन्मदिवस 14 नवंबर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं रचनात्मक गतिविधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बच्चों को जीवन में बड़े सपने देखने, निरंतर सीखने, मेहनत करने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कहा कि प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन के माध्यम से निखारा जा सकता है।
कमाण्डेंट महोदय ने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को पुरस्कार एवं मिष्ठान वितरण किया गया। संपूर्ण आयोजन उल्लास, उमंग एवं बाल सुलभ मुस्कान से सराबोर रहा।
उक्त अवसर पर श्री यज्ञ कुमार सिंह (उप कमा०), श्री अच्छे लाल सिंह यादव (उप कमा०), श्री विजय मेंहन्दीरत्ता (सहा०कमा०) एवं श्री मकवाना हिरेण (सहा० कमा०) तथा विद्यालय के शिक्षक, बच्चें एवं परिवारजन उपस्थित रहे।