-जयपुर में हत्या के मामले में चल रहा था वांछित, हाईवे पुलिस ने आधी रात को माल गोदाम रोड से दबोचा
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हाईवे पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने राजस्थान के जयपुर जिले के शिवदासपुरा थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे 2 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान देवेन्द्र उर्फ देवा (24 वर्ष), पुत्र अशोक, निवासी शांतिनगर, थाना कोतवाली मथुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किया है।


हाइवे पुलिस के अनुसार मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना हाईवे पुलिस टीम ने माल गोदाम रोड पर थाने से करीब 50 मीटर की दूरी पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी राजस्थान के जयपुर जिले के शिवदासपुरा थाने में दर्ज हत्या के मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 2,000 रुपये का इनाम घोषित था।
इस गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार राठी, उपनिरीक्षक आनन्द सिंह, हेड कांस्टेबल रामकुमार, कांस्टेबल लवकेश, कांस्टेबल रवेन्द्र सिंह और पीसी नाहर सिंह शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई को राजस्थान में हत्या के मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बॉक्स मे
अवैध हथियार रखने के आरोप में नया मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद होने के बाद थाना हाईवे में मुकदमा अपराध संख्या 985/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बॉक्स मे
पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे
हाइवे पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध थाना हाईवे, मथुरा में वर्ष 2023 में मारपीट, हत्या के प्रयास और घर में घुसकर अपराध करने से संबंधित मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2024 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा तथा वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है। वहीं, जयपुर के शिवदासपुरा थाने में उसके विरुद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा अपराध संख्या 601/2023 दर्ज है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *