गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने 22 नवंबर को आयोजित होने वाली यशोदा हाफ मैराथन 4.0– रन फॉर योर हार्ट के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। बुधवार को यशोदा मेडिसिटी में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने यशोदा ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पी.एन. अरोड़ा से मुलाकात की।
मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मैराथन के चौथे संस्करण के आयोजन के लिए यशोदा मेडिसिटी की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य, फिटनेस और समय पर स्वास्थ्य जांच के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए यशोदा मेडिसिटी के प्रयासों की सराहना की।
आयोजकों के मुताबिक, यशोदा हाफ मैराथन 4.0 में चार अलग-अलग श्रेणियों में 4,000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। मैराथन का उद्देश्य हर आयु वर्ग और अलग-अलग फिटनेस स्तर के लोगों को नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर डॉ. पी.एन. अरोड़ा ने मंत्री नरेंद्र कश्यप का आभार जताते हुए कहा कि यशोदा हाफ मैराथन के माध्यम से लोगों को एक मंच पर लाने और उन्हें हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर लोग बेहतर और स्वस्थ जीवन की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।