थाना फरह क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए फरह थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बावरिया गैंग के दो सदस्यों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए। उनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, चोरी की गई सफेद धातु की दो जोड़ी पायजेब, 10,700 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस मुठभेड़ मामले में हुई पुलिस कार्रवाई और बरामदगी के संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया की


पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना फरह क्षेत्र के ग्राम थिरावली, थाना जीवना क्षेत्र और कस्बा फरह में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बावरिया गैंग के दो सदस्य राजस्थान की ओर से फरह आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद फरह थाना पुलिस और स्वाट टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परखम नहर पुल के पास चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान रात करीब 9 बजकर 42 मिनट पर ओल की तरफ से फरह की ओर एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और परखम गौशाला रोड की ओर भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील उर्फ सुलील पुत्र भीमा और संजू पुत्र ऊदा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वर्तमान में थाना मगोर्रा क्षेत्र के पुरा गांव में रह रहे थे, जबकि उनके स्थायी पते राजस्थान के दौसा जिले के गणेशपुरा बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी थाना फरह में दर्ज मुकदमा संख्या 410/2026 और 414/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत वांछित चल रहे थे। इन मुकदमों का संबंध चोरी की घटनाओं से है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फरह भेजा गया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को फरह क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं की जांच के सिलसिले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *