श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा की तैयारियों को जिला प्रशासन तथा पुलिस ने पुख्ता किया है। इसे सकुशल, शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय बैठक हुई। यहां जनप्रतिनिधियों से कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के सुझाव लिए गए।
एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि विभिन्न ग्राम पंचायतों से कांवड़ यात्राएं निकाल शिवालयों पर संपन्न होती हैं। ग्राम पंचायत से शिवालयों तक सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। प्रवेश व निकास द्वार पर सुरक्षा एवं प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। जिला पंचायत के प्रशासक श्यामसुंदर वर्मा व कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद ने कांवड़ यात्रियों के सुरक्षा, साफ सफाई आदि व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव दिए।
एडीएम ज्योत्सना बंधु ने प्रशासन तथा पुलिस विभाग द्वारा कांवड़ यात्रा के लिए की गई व्यापक तैयारियों से सभी जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। बताया कि 78 सेक्टर तथा नौ विशेष स्टेटिक सेक्टर बनाए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में एक-एक सेक्टर और प्रत्येक स्टेटिक सेक्टर में एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। जनपद एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
कांवड़ियों के विश्राम स्थलों पर पेयजल, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं, एंबुलेंस एवं मोबाइल मेडिकल टीमों की व्यवस्था करने की तैयारियां पूर्ण हैं। विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत ट्रांसफार्मर, जर्जर तारों एवं विद्युत पोलों की जांच, आवश्यक इंसुलेशन एवं विद्युत विभाग की विशेष निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग तथा सीसी कैमरे से निगरानी होगी टांडा एसडीएम, सीओ एवं बीडीओ को महादेवा घाट पर जल सुरक्षा में तीन लेयर की बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए।
चहोड़ाघाट सहित विभिन्न ग्रामों में पड़ने वाले सरोवरों/जलाशयों एवं नदी के घाटों पर भी जल सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग करने तथा फिसलने से निजात में प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
