लखनऊ, संवाददाता। दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाइ दुबई की फ्लाइट शनिवार सुबह बर्ड हिट का शिकार हो गई। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास लैंडिंग के दौरान विमान से पक्षी टकरा गया। पायलट की सूझबूझ से विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, दुबई से लखनऊ आ रही फ्लाइट FD-443 का निर्धारित आगमन समय सुबह 6:35 बजे था। एयरपोर्ट के नजदीक पहुंचने पर विमान से पक्षी टकरा गया। बर्ड हिट की सूचना मिलते ही पायलट ने सतर्कता बरतते हुए एटीसी को जानकारी दी और अतिरिक्त सावधानी के साथ सुबह 7:13 बजे विमान को रनवे पर सुरक्षित उतार लिया。

लैंडिंग के बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में ले जाया गया, जहां इंजीनियरों की टीम ने तकनीकी जांच शुरू कर दी। इंजन समेत विमान की अन्य महत्वपूर्ण प्रणालियों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित नुकसान का आकलन किया जा सके।

घटना का असर वापसी की उड़ान FD-444 पर भी पड़ा, जिसे सुबह 7:35 बजे लखनऊ से दुबई रवाना होना था। तकनीकी जांच पूरी होने तक इस उड़ान को रोक दिया गया है। एयरलाइन अधिकारियों ने बताया कि सभी सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की अनुमति दी जाएगी।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *