शहर में जाम की समस्या सबसे जटिल होती जा रही है। जाम की समस्या से लाेगों को छुटकारा दिलाने और संगम नगरी की रहा आसान करने के लिए आने वाले कुछ महीनों में छह फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। 6 जुलाई को प्रयागराज आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेतु निगम की ओर से तैयार किए गए इस प्रस्ताव का अनुमाेदन लोक निर्माण विभाग की बैठक में किया।
शहर में सबसे लंबा फ्लाईओवर महर्षि भरद्वाज चौराहा से लोक सेवा आयोग तक बनाया जाएगा। दोनों चौराहों को जोड़ने वाले इस फोरलेन फ्लाईओवर की लंबाई लगभग 2500 मीटर होगी। इस रास्ते में पड़ने वाले स्कूल के सामने जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। साथ ही इस रूट पर सुबह और शाम को सरकारी कार्यालय के कर्मियों, हाई कोर्ट जाने-आने वाले अधिवक्ताओं आदि की भीड़ अधिक रहती है।
इसके अलावा कलश चौराहा से लोकसेवा आयोग चौराहा तक 2000 मीटर लंबा दूसरा फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके अलावा सिविल लाइंस में हनुमत निकेतन चौराहा, मेडिकल चौराहा और लक्ष्मी टाकिज के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
वहीं सिविल लाइंस में लोकसेवा आयोग व हनुमत निकेतन, कटरा में कचहरी रोड, महर्षि भरद्वाज चौराहा, मलाकराज में मेडिकल चौराहा तथा रामबाग चौराहा के आस-पास जाम की समस्या अधिक है। इसे देखते हुए सेतु निगम ने नए फ्लाईओवर का निर्माण कराने का प्रस्ताव बनाया है।