जागरण संवाददाता, मेरठ। भीषण गर्मी एवं लू के प्रकोप के चलते डीएम डाॅ. वीके सिंह ने जिले के स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। जिले में नर्सरी से आठवीं तक सभी बोर्ड के स्कूलों पर यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।
इनमें परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आइसीएसई, मदरसा एवं अन्य बोर्ड शामिल हैं। बीएसए आशा चौधरी ने बताया कि जिला-प्रशासन के आदेश के अनुसार नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल अगले आदेश तक सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक संचालित होंगे। उक्त आदेश का कड़ाई के साथ अनुपालन किया जाए।
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) आगामी दो, तीन एवं चार जुलाई को होगी। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड मंगलवार को जारी किए जाएंगे। मंगलवार को ही परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में शाम चार बजे से डीएम की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक होगी।
यूपीटीईटी परीक्षा के लिए जिले में कुल 29 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे तक एवं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 से शाम पांच बजे तक होगी। जिले में दो व तीन जुलाई को दोनों पालियों में परीक्षा होगी। जबकि चार जुलाई को सुबह की पाली में ही परीक्षा होगी। जिले में बनाए गए केंद्रों पर तीनों दिन 63,376 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में यह परीक्षा होगी।
परीक्षा को लेकर एडमिट कार्ड मंगलवार को जारी किए जाएंगे। जिस पर केंद्र का नाम अंकित होगा। जबकि शहर का नाम आयोग की ओर से 22 जून को ही जारी कर दिया गया था। वहीं, सीसीएसयू के प्रेक्षागृह में मंगलवार को शाम चार बजे से होने वाली बैठक में केंद्राध्यक्ष, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट समेत तैनात किए गए अधिकारी शामिल होंगे। एडीएम सिटी बृजेश कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर बैठक में पहुंचने के निर्देश दिए हैं।
