उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ‘अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस’ के अवसर पर कहा कि जेवर क्षेत्र अब उत्तर भारत का इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर हब बनने जा रहा है। एक समय जंगलराज के लिए कुख्यात जेवर आज मंगलराज के रूप में उभर रहा है।

सेक्टर 10 में अंबर इंटरप्राइजेज और एस्केंट सर्किट की इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘आज दुनिया की सबसे बड़ी ताकत सेमीकंडक्टर का केंद्र बिंदु जेवर क्षेत्र बन रहा है। यहां इलेक्ट्रॉनिक हब स्थापित हो रहा है।’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘कभी जंगलराज के नाम से जाना जाने वाला जेवर आज मंगलराज के रूप में पहचाना जा रहा है। यहां 6,785 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। कोरिया के साथ जॉइंट वेंचर हो रहा है। कोरिया के साथ उत्तर प्रदेश का पुराना संबंध है। कोरिया की रानी अयोध्या की राजकुमारी रत्ना थीं, जो जलमार्ग से कोरिया पहुंची थीं।’

केंद्रीय रेल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोगों को पीसीबी (प्रिंटेड सर्किट बोर्ड) के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने 14 लेयर और 55 लेयर वाले पीसीबी सर्किट दिखाकर बताया कि जेवर में यही बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भारत पहले 40 हजार करोड़ रुपये का पीसीबी आयात करता था, अब इसे जेवर में ही बनाया जाएगा। अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री द्वारा हाल ही में स्वीकृत बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का भी जिक्र किया।

उन्होंने बताया कि दिल्ली से लखनऊ, वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी तक बुलेट ट्रेन चलेगी। जेवर से लखनऊ का सफर मात्र एक घंटे 40 मिनट में पूरा हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आज यूपी को ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश औद्योगिक निवेश और विश्वास का केंद्र बनकर उभरा है। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में महिलाएं 50 प्रतिशत से अधिक कामगार हैं। नए सेमीकंडक्टर उद्योग युवाओं को बेहतर अवसर देंगे।

समारोह में यह भी कहा गया कि जेवर एयरपोर्ट पर कॉमर्शियल उड़ानें शुरू हो चुकी हैं और यहां निरंतर निवेश प्रस्ताव आ रहे हैं। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। यह निवेश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बता दें कि असेंट-के सर्किट की परियोजना में फ्लेक्सिबल पीसीबी, हाई डेंसिटी इंटरकनेक्टेड पीसीबी (एचडीआई पीसीबी) और सेमीकंडक्टर सब्सट्रेट्स का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर उद्योग को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

वहीं, अंबर एंटरप्राइजेज इंडिया लिमिटेड सेक्टर-8 में लगभग 100 एकड़ भूमि पर करीब 3,532 करोड़ रुपये के निवेश से विशाल विनिर्माण इकाई स्थापित करेगी। यहां पीसीबी असेंबली, कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक्स, एयर कंडीशनर एवं घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उत्पादन किया जाएगा।

इन इकाइयों में मदरबोर्ड, सेमीकंडक्टर चिप बोर्ड और कंप्यूटर, स्मार्टफोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स का निर्माण किया जाएगा। इससे प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण को नई गति मिलने के साथ-साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।

इस दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र चौधरी, उद्योग मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद डॉक्टर महेश शर्मा, राज्य सभा सदस्य सुरेंद्रनगर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर और अन्य मौजूद रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *