प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार शाम यूक्रेन संकट पर वहां के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ये जानकारी दी। पीएमओ ने ट्वीट कर कहा कि पीएम मोदी ने आज यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ टेलीफोन पर यूक्रेन में चल रहे संघर्ष पर चर्चा की। इस दौरान पीएम मोदी ने युद्ध को जल्द खत्म करने और बातचीत व कूटनीति के रास्ते पर लौटने की जरूरत को दोहराया।पीएम मोदी ने एक बार फिर से भारत के दृढ़ विश्वास को दोहराते हुए कहा कि संघर्ष का कोई सैन्य समाधान नहीं हो सकता है। उन्होंने जेलेंस्की को किसी भी शांति प्रयासों में योगदान करने के लिए भारत की तत्परता से अवगत कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत शांति के किसी भी प्रयास में पूरा सहयोग देने के लिए हमेशा तैयार है। प्रधानमंत्री ने जेलेंस्की के साथ बातचीत में संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अंतर्राष्ट्रीय कानून और सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने के महत्व को भी दोहराया।पीएम मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत यूक्रेन सहित सभी परमाणु प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को महत्व देता है। उन्होंने कहा कि परमाणु प्रतिष्ठानों के खतरे में होने से सार्वजनिक स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए दूरगामी और विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं।

2022-10-04 17:21:24 https://wisdomindia.news/?p=6523
0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *