इस विशेष सत्र में मोदी सरकार संशोधित परिसीमन विधेयक और इससे जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है, जिसमें सभी राज्यों की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और महिला आरक्षण लागू करने का|
समाजवादी पार्टी ने आधिकारिक तौर ऐलान कर दिया है कि वो संसद के भीतर परिसीमन बिल के खिलाफ वोटिंग करेगी। सोमवार, 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र (30 नवंबर से 3 दिसंबर) को लेकर सपा ने कमर कस ली है। लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) धर्मेंद्र यादव ने सपा के सभी लोकसभा सांसदों को थ्री-लाइन व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से मौजूद रहने और केंद्र सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले परिसीमन विधेयक का विरोध करने का निर्देश दिया है।

इस विशेष सत्र में मोदी सरकार संशोधित परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill, 2026) और इससे जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पेश करने जा रही है, जिसमें सभी राज्यों की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी और महिला आरक्षण लागू करने का प्रावधान है।
अखिलेश यादव ने बुलाई संसदीय दल की बैठक
लोकसभा में समाजवादी पार्टी के 37 सांसद हैं, जो सदन में विपक्ष की ताकत का एक बड़ा हिस्सा हैं। सूत्रों के मुताबिक, सत्र शुरू होने से ठीक पहले सोमवार सुबह सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिल्ली में पार्टी के संसदीय दल की एक अहम बैठक भी बुलाई है, जिसमें सदन के भीतर की रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पहले ही साफ कर चुके हैं कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन केंद्र सरकार महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन का कानून लाकर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में मनमाना बदलाव करना चाहती है। उन्होंने इसे भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल बताते हुए कहा था कि पार्टी सदन में इसका पुरजोर विरोध करेगी।
विपक्ष की घेराबंदी तेज, अन्य दलों ने भी जारी किए व्हिप
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्ष की ओर से चौतरफा घेराबंदी की जा रही है। डीएमके (DMK) और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) जैसे सहयोगी दलों के बदलते रुख के बीच कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस (TMC) और वाम दलों ने विधेयक को रोकने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सपा से पहले तृणमूल कांग्रेस और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने भी अपने-अपने लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से सदन में उपस्थित रहने के लिए तीन-लाइन का व्हिप जारी किया है।
दरअसल परिसीमन बिल को पास होने से रोकने के लिए इंडिया गठबंधन के पास नंबर नहीं हो रहे हैं। आखिरी कोशिश करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन और NCP(SP) अध्यक्ष शरद पवार से मिलने जा रहे हैं। उनके साथ सोनिया गांधी और राहुल गांधी के जाने की भी खबर है।
ये नेता पहले चेन्नई जाएंगे और फिर मुंबई। DMK और NCP (SP) के पास 30 सांसद हैं। उन्होंने अप्रैल में बिल के विरोध में वोट डाला था। अब उनके पाला बदलने से सरकार की राह आसान हो गई है। अब देखना होगा कि कांग्रेस की ये आखिरी कोशिश क्या सफल हो पाएगी?