विराट कोहली यूं ही किंग नहीं कहलाते। 37 साल की उम्र में भी क्रिकेट को लेकर उनका जुनून और रनों को लेकर उनकी भूख वैसी ही है जैसे 18 की उम्र में थी। आईपीएल 2026 में बुधवार को केकेआर की खिलाफ आरसीबी की 6 विकेट की जीत के हीरो किंग कोहली ने आईपीएल इतिहास का नौंवा शतक जड़ा। लगातार दो डक के बाद चेज मास्टर के अवतार में दिखे। पारी के दौरान दुनिया में सबसे तेज 14000 टी20 रन का रिकॉर्ड बनाया। महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर उनकी इस शतकीय पारी की मुरीद हो गए हैं। कहा है कि विराट कोहली की ये पारी याद दिलाती है कि वह कितना महान हैं। जब आईपीएल में नई पीढ़ी का शोर है तब उन्होंने दिखा दिया कि अभी हूं मैं।
स्टार स्पोर्ट्स के ‘अमूल क्रिकेट लाइव’ शो के जियो स्टार एक्सपर्ट सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की तारीफ में खूब कसीदे पढ़ें। उन्होंने कहा, ‘केकेआर के खिलाफ विराट कोहली शानदार थे। उन्हें ज्यादातर से बेहतर पता है कि कैसे चेज के दौरान पारी बनाई जाती है। टी20 शतकों की बात करें तो वह 10 सेंचुरी के साथ तीसरे नंबर पर हैं, क्रिस गेल और बाबर आजम से ही पीछे हैं। लेकिन उन्होंने सबसे तेज 14000 टी20 रन बनाए हैं और आईपीएल में उनके नाम 9 शतक हैं।’
सुनील गावस्कर ने आगे कहा, ‘रिकॉर्ड तो टूटने के लिए बनते हैं लेकिन विराट कोहली जिस तरह से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, मैच दर मैच, सीजन दर सीजन, उसकी बराबरी करने में किसी को भी बहुत लंबा वक्त लगेगा। जब हर कोई इस सीजन में ‘नई पीढ़ी’ के बारे में बात कर रहा था, कोहली ने दिखाया कि वह अब भी हैं।’
विराट कोहली की धाकड़ पारी की तारीफ करते हुए गावस्कर ने कहा, ‘उन्होंने शतक के साथ उन पर शक करने वालों को खामोश कर दिया है। वह ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने साबित किया कि पुरानी पीढ़ी अब भी बेस्ट है। भले ही यंग स्टार महफिल लूट रहे हैं लेकिन अनुभवी महान खिलाड़ी अभी चूके नहीं हैं। विराट कोहली का ये शतक उन खास पलों में से है जो हमें उनकी महानता की याद दिलाता है।’
मैच की बात करें तो बुधवार को रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन का स्कोर खड़ा किया। अंगकृष रघुवंशी ने शानदार 71 और रिंकू सिंह ने नाबाद 49 रन बनाए।
जवाब में विराट कोहली के नाबाद शतक की बदौलत आरसीबी ने 5 गेंद बाकी रहते ही 6 विकेट से मैच जीतकर प्लेऑफ की तरफ मजबूती से कदम बढ़ा लिया। कोहली ने 60 गेंदों में 105 रन की नाबाद पारी खेली। इनमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल थे। देवदत्त पड्डीकल ने 39 रन बनाए। विराट कोहली को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
