विजडम इंडिया।
देहरादून। कला प्रेमियों के लिए एक विशेष अवसर लेकर आई है “कला वर्षा 2026” वार्षिक कला प्रदर्शनी, जो चित्रा इंटरनेशनल आर्ट गैलरी, बल्लूपुर में दिनांक 7 मई से 11 मई 2026 तक आयोजित होगी, जिसका उद्घाटन आज दिनांक 7 मई को उत्तराखंड के प्रसिद्ध फोटोग्राफर श्री राजू पुषोला जी के हाथों किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि का सम्मान सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. देश दीपक, डीन डॉ. रीता तिवारी तथा विभागाध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार जी ने पताका, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति प्रतीक चिन्ह प्रदान कर किया।

यह पाँचवीं वार्षिक कला प्रदर्शनी “कला वर्षा 2026” युवा एवं उभरते कलाकारों की सृजनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का एक भव्य मंच सिद्ध होगी।
इस भव्य आयोजन का संयोजन डॉ. मुक्ति भटनागर, सुभारती स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स एण्ड फैशन डिज़ाइन द्वारा किया जा रहा है, जो रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून से संबद्ध है।
यह प्रदर्शनी स्वर्गीय संघमाता डॉ. मुक्ति भटनागर को समर्पित है।
मुख्य अतिथि श्री राजू पुषोला जी ने अपने संदेश में कहा कि “कला वर्षा 2026” सुभारती फाइन आर्ट्स के विद्यार्थियों के सृजनात्मक विकास हेतु एक उत्कृष्ट मंच है। प्रदर्शनी देखने के पश्चात उन्होंने संदेश दिया कि बी.एफ.ए. एवं एम.एफ.ए. की कक्षाओं में इस प्रकार का कार्य अत्यंत उत्कृष्ट है। उन्होंने बी.एफ.ए. और एम.एफ.ए. के विद्यार्थियों तथा उन्हें मार्गदर्शन प्रदान करने वाले प्राध्यापकों को हृदय से प्रोत्साहित करते हुए कहा, “आप सभी का यह सृजनात्मक योगदान प्रेरणादायी है। ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखें, ताकि कला शिक्षा का मानक और अधिक ऊँचा हो सके।”
सुभारती यूनिवर्सिटी के संस्थापक डॉ अतुल कृष्णा ने अपने एक संदेश में कहा “कला वर्षा” प्रदर्शनी से बच्चों में कलात्मकता और सृजनशीलता का विकास होगा।
वहीं सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. देश दीपक ने हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए “कला वर्षा 2026” को कला के प्रचार‑प्रसार के लिए अत्यन्त महत्त्वपूर्ण आयोजन बताया। बी.एफ.ए. एवं एम.एफ.ए. के विद्यार्थियों तथा उन्हें प्रेरित करने वाले प्राध्यापकों को उत्साहजनक संदेश देते हुए उन्होंने कहा, “यह प्रदर्शनी आपकी कलात्मक ऊर्जा का जीवंत प्रमाण है। ऐसे सृजनात्मक प्रयासों को सतत गति दें, जिससे कला का प्रकाश समाज तक फैले तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा बने।”

“कला वर्षा 2026” में आगंतुकों को विविध रंगों, विचारों एवं अभिव्यक्तियों की अनुपम झलक देखने को मिलेगी। पूर्व वर्षों की भाँति इस वर्ष भी प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में कला प्रेमियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं प्रतिष्ठित कलाकारों के आगमन की संभावना है, जिससे यह आयोजन नगर के प्रमुख सांस्कृतिक आकर्षणों में सम्मिलित होगा।
इस कार्यक्रम के प्रायोजक हैं: स्वर्णयुग डिज़ाइन कंसल्ट, देहरादून; एलिफेंटा कलर्स; सवारिया स्टेशनरी स्टोर, देहरादून; तथा कथकल्या अकादमी, देहरादून।
इस अवसर पर सुभारती विश्वविद्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर अकैडेमिक श्रीमती अवनि कमल, असिस्टेन्ट प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. लोकेश त्यागी (जी.बी.सी.एम.) , रजिस्ट्रार श्री खालिद हसन, परीक्षा नियंत्रक डॉ. पी.के. शर्मा, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. रविन्द्र प्रताप, अकैडेमिक डीन डॉ. मनमोहन गुप्ता, स्कूल ऑफ फाइन आर्ट्स एण्ड फैशन डिज़ाइन की प्राचार्या ललित कला विभाग के हेड ऑफ डिपार्टमेंट सहित विभाग के सम्मानित प्राध्यापकगण श्रीमती गीतिका, श्री अयुष, श्री मनोज, श्री नमन, श्री दीपक, श्री अंकुश, श्रीमती शैफाली, श्रीमती ऊर्वशी, डॉ. मनु गुप्ता, श्री शा रुख आदि उपस्थित रहे।
