मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच बड़ी खबर सामने आई है। ओमान और ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में आवागमन को सुचारू बनाने के लिए उच्चस्तरीय बैठक की है। ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने रविवार को बताया कि दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों के उप-मंत्रियों के स्तर पर शनिवार को बैठक हुई। इस बैठक में होर्मुज स्ट्रेट से सुगम और निरंतर नौवहन सुनिश्चित करने के संभावित विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई। दोनों पक्षों ने इस मुद्दे पर विभिन्न दृष्टिकोण और व्यावहारिक प्रस्ताव रखे, जिनका आगे अध्ययन किया जाएगा। यह बैठक ऐसे समय में हुई, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का समय दिया है।

ओमान के विदेश मंत्रालय ने ट्वीट कर बताया कि ओमान सल्तनत और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के बीच विदेश मंत्रालयों के उपमंत्रियों के स्तर पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। विदेश मंत्रालय के ट्वीट के अनुसार, 4 अप्रैल 2026 को हुई इस बैठक में दोनों देशों के विशेषज्ञ भी शामिल थे। बैठक का मुख्य विषय क्षेत्र में वर्तमान परिस्थितियों के बीच होर्मुज में ट्रांजिट सुनिश्चित करने के संभावित विकल्पों पर चर्चा करना था। इसमें आगे बताया गया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों के विशेषज्ञों ने कई दृष्टिकोण और प्रस्ताव पेश किए, जिन्हें आगे अध्ययन किया जाएगा।

ओमान के विदेश मंत्रालय ने इस बैठक को दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय स्थिरता और समुद्री मार्गों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है। बता दें कि यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्रीय संघर्ष के कारण विश्व का यह महत्वपूर्ण शिपिंग मार्ग प्रभावित हो रहा है और वैश्विक तेल आपूर्ति पर इसका असर पड़ रहा है। दोनों देश होर्मुज स्ट्रेट के ट्रांसिट को मॉनिटर करने और प्रबंधित करने के लिए प्रोटोकॉल तैयार करने की दिशा में काम कर रहे हैं। दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप लगातार धमकी दे रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कड़ी चेतावनी जारी की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा कि याद रखें, जब मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए 10 दिन का समय दिया था। समय कम बचा है, 48 घंटे बाद उन पर भयंकर तबाही मच जाएगी। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान इस समय सीमा के अंदर स्ट्रेट को पूरी तरह नहीं खोलता है, तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *