अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी धमकी देते हुए तेहरान को पाषाण युग में वापस भेजने का दावा किया। इस पर ईरान का पलटवार आया है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के कमांडर ने इसे हॉलीवुड से जोड़ते हुए इसकी वजह से आपके दिमाग में जहर भर गया है और यह वह देश धमकी दे रहा है जोकि खुद 250 साल पुराना है, जबकि हमारी सभ्यता छह हजार सालों पुरानी है।
ईरान के ब्रिगेडियर जनरल सैयद माजिद मूसावी ईरान के आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स की कमान संभालते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की एक पोस्ट के जवाब में कहा, “यह आप ही हैं जो अपने सैनिकों को उनकी कब्रों तक ले जा रहे हैं, न कि ईरान, जिसे आप पाषाण युग में वापस धकेलना चाहते हैं। हॉलीवुड के भ्रम ने आपके दिमाग को इतना जहर से भर दिया है कि, अपने महज 250 साल के इतिहास के साथ, आप 6,000 साल से भी ज्यादा पुरानी एक सभ्यता को धमकी दे रहे हैं।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर बमबारी करके उसे ‘पाषाण युग’ में वापस भेजने की धमकी ने अब अपने पांचवें हफ्ते में चल रहे युद्ध में तनाव को काफी बढ़ा दिया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान में अपने लक्ष्य लगभग हासिल कर लिए हैं, लेकिन वह अगले दो से तीन हफ्तों तक लक्ष्यों पर हमले जारी रखेगी। उन्होंने यह नहीं बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, जो कि जहाजों के आने-जाने का एक अहम रास्ता है और जिसे ईरान ने रोक रखा है, उसे दोबारा कैसे खोला जाएगा।
अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर 28 फरवरी, 2026 को पहली बार हमला किया था जिसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की और पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हो गया। ट्रंप ने ईरान के खिलाफ हमलों के संदर्भ में कहा, ”अगले दो से तीन सप्ताह में हम उन पर बेहद कड़ा प्रहार करेंगे। हम उन्हें पाषाण युग में भेज देंगे, जहां उन्हें वास्तव में होना चाहिए।” ट्रंप ने लगभग 20 मिनट के इस संबोधन में हाल के हफ्तों में कही गई अपनी कई बातों को दोहराया। जनमत सर्वेक्षणों के अनुसार, कई अमेरिकी मानते हैं कि अमेरिका की सेना ने ईरान में जरूरत से ज्यादा हस्तक्षेप किया है। पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण गैस एवं तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं। ऐसे में ट्रंप के इस भाषण से जनभावना में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं लगती।
