राजधानी दिल्ली के जनकपुरी हादसे की पूरे देश में चर्चा हो रही है, जहां सीवर लाइन के लिए खोदे गए एक खुले गड्ढे में गिरकर 25 साल के एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। इस घटना पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक ऐसा बयान दिया है, जो आमतौर पर नेताओं से सुनने को नहीं मिलता। उन्होंने कहा है कि हम कोई बहाने नहीं बनाएंगे, हम इस हादसे की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने खोदा था। उन्होंने कहा, ‘हर किसी ने देखा है कि हमारी सरकार पिछली सरकार की तरह दोष दूसरों पर नहीं मढ़ती। हम पूरी जिम्मेदारी लेते हैं और विभाग के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।’

दिल्ली में अपनी सरकार का एक साल पूरा होने पर सीएम ने बताया कि यह साल काम सीखने, पुराने कर्ज चुकाने और नीतियां बनाने में बीता है। उन्होंने पिछली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें विरासत में कुप्रबंधन और कर्ज मिला था। डीटीसी भारी नुकसान में थी। पुरानी लाडली योजना के 1 लाख 86 हजार लाभार्थियों का पैसा बकाया था, जिसे अब ‘लखपति बिटिया’ योजना में जोड़ा गया है।

बीजेपी के चुनावी वादे ‘2500 मासिक महिला सम्मान योजना’ की देरी पर भी सीएम ने स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि सरकार अभी लाभार्थियों की लिस्ट की जांच कर रही है। पहले ज्यादातर योजनाएं सिर्फ राशन कार्ड से जुड़ी थीं। सरकार अब पात्रता को ऐसे तय कर रही है ताकि इसका दायरा बढ़ाया जा सके और ज्यादा महिलाओं को इसका लाभ मिले।

सीएम ने बताया कि 2025 का साल पॉलिसी ड्राफ्टिंग का था, लेकिन आने वाला साल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास का होगा। जल्द ही दिल्ली के लिए नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) पॉलिसी और एक्साइज पॉलिसी का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने अपनी सरकार को ट्रिपल इंजन सरकार बताया, जो केंद्र के साथ मिलकर यमुना की सफाई और प्रदूषण जैसे मुद्दों पर काम कर रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *