54 सौ साल से गंगा किनारे आयोजित हो रहे कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले के लिए फोरलेन सड़क बनवाए जाने के साथ ही गंगा किनारे बांध बनाए जाने की फाइल मुख्यमंत्री तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा धौलाना में मसूरी से धौलाना तक फोरलेन के लिए भी बजट में धन आने की उम्मीद है। हापुड़ में जिला कोर्ट के लिए भी सदर विधायक पैसा आवंटन को कई बार लखनऊ में मांग उठा चुके हैं।
गढ़मुक्तेश्वर के गंगा मेले में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिगरी तथा गढ़ गंगा मेले को जोड़े जाने के लिए पुल बनाए जाने के लिए मुरादाबाद-मेरठ मंडल के अधिकारियों को मंच से बोला था।जिसको लेकर गढ़ विधायक ने फिर से गंगा पर पुल बनवाए जाने का प्रस्ताव सरकार को दिया और इस बार मेला स्थल तक गढ़ नगर से फोरलेन रोड बनवाए जाने का मामला भी है।
लखनऊ विधानसभा सत्र में शामिल होने गए गढ़मुक्तेश्वर के भाजपा विधायक हरेंद्र तेवतिया ने हिन्दुस्तान को जानकारी देते हुए बताया कि गढ़ गंगा मेले तक डामर फोर लेन सड़क की मांग की गई है। इसके अलावा पुराना प्रस्ताव इस बार भी दिया गया है। जिसमें ऐतिहासिक गंगा स्नान मेले स्थल के पास गंगा पुल का निर्माण कराए जाने की मांग की गई है। उन्होंने बताया कि तिगरी तथा गढ़ गंगा मेले को गंगा पर बनने वाला पुल तथा बांध ही जोड़ सकती है। जिसकी इस बार भी मांग की गई है।
इसके अलावा तिगरी के पास गंगा पुल बनाएजाने पर मेरठ-हरियाणा से लखनऊ मुरादाबाद के लिए जाने वाले यातायात को भी बड़ी राहत मिलेगी और एनचएच 9 पर जाम लगना बंद हो जाएगा।
गढ़ विधायक हरेंद्र तेवतिया ने बताया कि सिंचाई विभाग ने गंगा तट पर खादर में बांध बनाए जाने की कार्य योजना तैयार कर लखनऊ भेज दी है। जिसपर पूरी कार्रवाई होने के बाद फाइल मुख्यमंत्री तक पहुंच चुकी है। सरकरार जल्द ही गंगा किनारे बांध के लिए बजट देगी। जिससे गंगा किनारे हर साल डूबने वाले गांवों को बचाया जा सके। इसके अलावा बांध से गंगा मेला स्थल का भी विकास होगा। फोरलेन रोड गढ़ नगर से मेला स्थल तक बनेगी। जिसकी फाइल दिल्ली पहुंच गई है क्योंकि जहां सड़क चौड़ीकरण होगा वह जमीन सेंचुरी क्षेत्र में आ रही है।
