उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बुधवार सुबह जिलाधिकारी के काफिले के साथ एक सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में डीएम डॉ. राजागणपति आर सहित काफिले में सवार सभी अधिकारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनके एक गनर को हल्की चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीतापुर के डीएम लहरपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण के लिए जा रहे थे। इसी दौरान लहरपुर के अकबरपुर इलाके में काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि जिलाधिकारी की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन सौभाग्य से वह बाल-बाल बच गए।

प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, काफिले में सबसे आगे चल रही गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही गाड़ियां संतुलन नहीं बना सकीं और एक के बाद एक टकराती चली गईं। बताया जा रहा है कि सुबह से हो रही बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे ड्राइवर समय पर वाहन नहीं रोक पाए।

हादसे के बाद घायल गनर को तत्काल इलाज उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *