उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जिला उद्यान अधिकारी ने जानकारी दी कि राज्य सेक्टर के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना की वार्षिक कार्ययोजना वर्ष 2025-26 के तहत जिले को सकर शाकभाजी उत्पादन, फेंसिंग, लो-कॉस्ट मशरूम यूनिट (एकीकृत बागवानी विकास मिशन), एचडीपीई वर्मी बेड तथा सब्जी फसलों पर मचान निर्माण जैसे सभी निर्धारित लक्ष्य प्राप्त हो चुके हैं। इन सभी योजनाओं को मार्च 2026 तक चरणबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान dbt.uphorticulture.in पोर्टल पर आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी और फोटो के साथ ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। लाभार्थियों का चयन पहले आवेदन–पहले लाभ के आधार पर किया जाएगा। वहीं एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत पहले से पंजीकृत किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित किसानों को ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना के तहत ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई सुविधा से भी जोड़ा जाएगा, जिससे जल की बचत के साथ कृषि उत्पादन में वृद्धि हो सके।
इसके अलावा, किसानों के साथ-साथ उद्यमियों के लिए भी सकारात्मक पहल की गई है। औद्योगिक क्षेत्र उसरा बाजार में मंगलवार को चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन द्वारा एक बैठक-सह-सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष शक्ति कुमार गुप्ता ने की। सेमिनार में शासन की मंशा के अनुरूप कारखानों के पंजीयन और फैक्ट्री एक्ट से संबंधित जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में बताया गया कि कई उद्यमी पहले ही पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि शेष उद्यमियों को शीघ्र पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सहायक निदेशक फैक्ट्री अमित कुमार (गोरखपुर), प्रशासनिक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार विश्वकर्मा तथा यूपीसीडा के सहायक रमेश कुमार ने विभिन्न विभागीय प्रक्रियाओं और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
