कांग्रेस पार्टी का अगला अध्यक्ष कौन होगा? इसे लेकर पार्टी में अभी भी उहापोह की स्थिति बनी हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी पार्टी अध्यक्ष बनने को राजी नहीं है। उधर, सोनिया गांधी भी अपने खराब स्वास्थ्य के चलते अध्यक्ष पद नहीं लेना चाहती है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के सामने क्या-क्या विकल्प हैं? गांधी फैमिली से विकल्प पर सोचा जाए तो प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम सबसे ऊपर है।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष की भूमिका स्वीकार करने के लिए प्रेरित करने के नवीनतम प्रयास निष्फल रहे हैं। दरअसल, 2019 के आम चुनाव में हार के बाद इस्तीफा देने के बाद से राहुल गांधी पार्टी सदस्यों की अपील को लगातार ठुकराते रहे हैं। वह कांग्रेस अध्यक्ष बनने की अनिच्छा पर अभी भी अडिग हैं। उधर, सोनिया गांधी ने भी अपने स्वास्थ्य के कारण अध्यक्ष के रूप में लौटने से इनकार किया है।
सूत्रों ने कहा है कि ऐसे में पूरा ध्यान प्रियंका गांधी वाड्रा पर चला गया है, क्योंकि अभी भी संगठन के अधिकांश सदस्य गांधी फैमिली से ही अध्यक्ष बनाने को लेकर सहमत हैं। दूसरी ओर यूपी विधानसभा चुनाव में शर्मनाक हार के बाद गांधी फैमिली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में आम सहमति के अभाव में शुरू हो चुके कांग्रेस के अध्यक्ष पद चुनाव के कार्यक्रम पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं। पार्टी ने हालांकि आधिकारिक तौर पर गतिरोध पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
